बेतिया: बीपीसीएल ने शुरू की पीएनजी सप्लाई, गैस सिलेंडर के झंझट से मिलेगी मुक्ति

घरों में आपूर्ति शुरू करने के बाद केक काटते बीपीसीएल के अधिकारी
Bettiah News: बीपीसीएल ने पाइप्ड प्राकृतिक गैस (PNG) की आपूर्ति शुरू कर दी है. करीब 1500 घरों में कनेक्शन दिए जा चुके हैं और वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए फिलहाल नौ घरों में निर्बाध सप्लाई चालू की गई है. जानिए पूरी खबर…
बेतिया से अवध किशोर तिवारी की रिपोर्ट
Bettiah PNG Gas Supply : पश्चिम चंपारण के जिला मुख्यालय बेतिया में स्वच्छ और आधुनिक ऊर्जा की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने 16 जून 2026 को शहर में पहली बार सफलतापूर्वक पाइप्ड प्राकृतिक गैस (PNG) की आपूर्ति शुरू कर दी है. बीपीसीएल के आशीष कुमार के अनुसार, यह उपलब्धि बिहार-2 भौगोलिक क्षेत्र के तहत मिली है, जिसमें गोपालगंज, सीवान, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण शामिल हैं.
1500 घरों को मिला कनेक्शन, पहले चरण में 9 घरों में आपूर्ति शुरू
बेतिया शहर में अब तक करीब 1400 से 1500 घरों को पीएनजी कनेक्शन से जोड़ा जा चुका है. शुरुआती चरण में नौ घरों में गैस चार्जिंग कर नियमित आपूर्ति चालू कर दी गई है. अधिकारियों ने बताया कि अगले एक महीने के भीतर 1000 से अधिक घरों में गैस की आपूर्ति शुरू करने का लक्ष्य है. एलपीजी की तुलना में पीएनजी अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल है, जिससे उपभोक्ताओं को निर्बाध गैस सेवा मिलेगी.
चुनौतियों के बीच वैकल्पिक व्यवस्था से पहुंचाई गई गैस
अपर समाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि गोरखपुर सिटी गैस स्टेशन से मुख्य पाइपलाइन बिछाने का काम जारी है. सड़क चौड़ीकरण, नदी क्रॉसिंग और वन विभाग की मंजूरी जैसी चुनौतियों के कारण बीपीसीएल ने वैकल्पिक रास्ता चुना. कंपनी ने उत्तर प्रदेश से गैस कैस्केड के माध्यम से गैस मंगवाई और बेतिया में डिस्ट्रिक्ट रेगुलेटिंग स्टेशन (DRS) चालू कर सप्लाई शुरू कर दी. यह पहल कंपनी के “हर घर पहुंचेंगे” विजन का हिस्सा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सुनील कुमार सिंह
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










