बेगूसराय. एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के चौथे चरण के पहले दिन शनिवार को बेगूसराय के कर्पूरी उच्च विद्यालय, धबौली में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल सहित एनडीए घटक दलों के सभी प्रदेश अध्यक्षों ने यहां आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लिया. सभी ने एक स्वर में कहा कि एनडीए की प्राथमिकता बिहार का विकास है. सभी ने अगले विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत का भी दावा किया.
एनडीए का जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित
बेगूसराय के कर्पूरी उच्च विद्यालय,धबौली में आयोजित विराट एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप जायसवाल, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह, रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने संयुक्त रूप से कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत से जुट जाने का आह्वान किया. सम्मेलन में आए एनडीए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह बिहार के राजस्व और भूमि सुधार मंत्री डॉ दिलीप जायसवाल ने कहा कि जन आकांक्षाओं के अनुरूप काम करना हमारी पहली प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में एनडीए सरकार ने बिहार को विकास की पटरी पर लाकर दिखा दिया है. उन्होंने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार में केंद्र से मिल रही मदद से बिहार चहुंमुखी विकास की उड़ान भरेगा. उन्होंने हाल ही में केंद्रीय बजट में बिहार को मिली सौगातों का जिक्र करते हुए कहा कि एनडीए सरकार में बिहार नए अभ्युदय की कहानी लिखेगा. आज बिहार को विकसित करना केंद्र सरकार की पहली प्राथमिकता है. उन्होंने लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि बिहार के विकास, किसानों की समृद्धि और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं. जरूरत है कि हम भी बिहार को विकसित बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं. भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा कि एनडीए ही वह ताकत है जो बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है. राजद की सरकार को बिहार के लोग 15 साल देख चुके हैं जब बिहार को एक बीमारू राज्य के रूप में रेखांकित किया जाता था, आज वही बिहार की योजनाओं को अन्य राज्य अपना रहे हैं.आमजनों के कल्याण और हित को सर्वोपरि में रखकर एनडीए करता है काम : उमेश कुशवाहा
संयुक्त कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं की उमड़ी भीड़ को ऐतिहासिक बताते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकता से एनडीए की ताकत और हौसला दोनों बढ़ा है. कार्यकर्ताओं की उपस्थिति से उत्साहित जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीए आमजनों के कल्याण और हित को सर्वोपरि रखकर ही काम करती है. भरोसा देते हुए उन्होंने कहा कि आगे भी आमजनों के कल्याण और हित को सर्वोपरि रखकर ही कार्य किया जायेगा.एनडीए कार्यकर्ताओं की एकजुटता ने संकल्प को आसान बनाया : राजू तिवारी
लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने कहा कि इस मैदान में जुटे कार्यकर्ताओं की एकजुटता और संकल्प साफ है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान करते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत के साथ फिर से एनडीए की सरकार बनानी है.बिहार में 225 से ज्यादा सीटें लाकर एनडीए बनायेगी सरकार : अनिल सिंह
हम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि बिहार में 225 से ज्यादा सीटें लाकर एनडीए सरकार बनायेगी. बिहार की जनता ने तय कर लिया है कि यहां के लोगों को अब राजद का शासनकाल नहीं चाहिये.प्रदेश में अब अपराधियों को मिलती है सजा : मदन चौधरी
रालोमो के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने भी एनडीए कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि एनडीए की सरकार है तो हर कार्य मुमकिन है. कार्यक्रम की अध्यक्षता रूदल राय ने की. संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने किया. कार्यक्रम में खेलमंत्री सुरेंद्र मेहता, मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह, बेगूसराय विधायक कुंदन कुमार, विधान पार्षद सर्वेश कुमार, पूर्व मंत्री मंजू वर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शम्भू सिद्धार्थ, भाजपा प्रदेश मंत्री संजय गुप्ता, बेगूसराय के भाजपा जिला प्रभारी शशिभूषण बबलू, लोजपा जिलाध्यक्ष प्रेम पासवान, हम जिलाध्यक्ष पीयूष कुमार, रालोम के जिलाध्यक्ष अनिल सिंह, सुरेंद्र विवेक, लोजपा नेत्री इंदिरा देवी, जदयू नेता पंकज सिंह, अमर कुमार, कृष्ण मोहन पप्पु, सुनील कुमार, मृत्युंजय वीरेश, भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमित सन्नी, नीरज नवीन, नवीन सिंह एवं अनेकों कार्यकर्ता मौजूद थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है