11 लाख विद्यालयों की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बीहट का परचम, राजकीयकृत मध्य विद्यालय ने हासिल की देश में चौथी रैंक

Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन

राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बीहट, बेगूसराय। फोटो- प्रभात खबर

Begusarai News: बेगूसराय के बीहट स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय ने स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग 2025-26 में 96.8 प्रतिशत अंक हासिल कर देशभर में चौथा स्थान प्राप्त किया. 11 लाख से अधिक विद्यालयों की राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में यह उपलब्धि बिहार के लिए गौरव का विषय बनी है.

विज्ञापन

Begusarai News (बेगूसराय से विकाश मिश्रा की रिपोर्ट): बेगूसराय जिले के बीहट स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट उपलब्धि से पूरे बिहार का मान बढ़ाया है. ‘स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग 2025-26’ में विद्यालय ने 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर फाइव स्टार रेटिंग हासिल की है. इतना ही नहीं, शहरी श्रेणी में इस विद्यालय ने राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त कर देश के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों में अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है. इस बड़ी सफलता से जिले और शिक्षा विभाग में हर्ष का माहौल है.

11 लाख से अधिक विद्यालयों के बीच कड़ा मुकाबला

देशव्यापी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जुलाई 2025 से 11,81,086 विद्यालय शामिल हुए थे. इनमें से 11,54,898 विद्यालयों ने पंजीकरण कराया तथा 10,47,859 विद्यालयों ने स्वमूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर एसएचभीआर (SHVR) पोर्टल पर अपनी दावेदारी प्रस्तुत की थी. इसके बाद राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा फाइव स्टार रेटिंग प्राप्त लगभग 550 विद्यालयों को राष्ट्रीय मूल्यांकन के लिए नामित किया गया. कई चरणों की स्क्रीनिंग, दस्तावेज़ सत्यापन और भौतिक निरीक्षण की कठोर प्रक्रिया के उपरांत शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार ने देशभर के केवल 191 उत्कृष्ट विद्यालयों की अंतिम सूची जारी की, जिसमें बीहट के विद्यालय ने चौथा स्थान प्राप्त किया.

बिहार के चयनित तीन स्कूलों में बीहट सबसे आगे

शहरी श्रेणी–1 में बिहार से चयनित तीन विद्यालयों में राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बीहट ने सबसे अधिक 96.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए. यह उपलब्धि विद्यालय में विकसित स्वच्छ, सुरक्षित, समावेशी, पर्यावरण-अनुकूल और गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण का राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाण है. यह विद्यालय पिछले कई वर्षों से शैक्षिक गुणवत्ता, अकादमिक उपलब्धियों, खेल-कूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, स्वच्छता अभियान और सामुदायिक सहभागिता के क्षेत्र में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करता रहा है.

प्रधानाध्यापक ने सफलता को संयुक्त प्रयासों का प्रतिफल बताया

विद्यालय के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान केवल विद्यालय का नहीं, बल्कि विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, विद्यालय शिक्षा समिति, स्थानीय समुदाय और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है. उन्होंने बताया कि विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखकर अकादमिक गतिविधियों के साथ स्वच्छता, हरित परिसर, नवाचार आधारित शिक्षण, खेल-कूद, कला-संस्कृति और नेतृत्व विकास को विद्यालय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाया गया है. विद्यालय को पाठ्यपुस्तक आधारित शिक्षा से आगे बढ़ाकर बच्चों को बेहतर नागरिक बनने का मंच देने का यह सतत प्रयास अब राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृत हुआ है.

Also Read: मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण, सांसद गिरिराज सिंह के नेतृत्व में प्रगतिपथ यात्रा का आयोजन

विज्ञापन
Vikash Jha

लेखक के बारे में

By Vikash Jha

विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन