श्रावणी मेले में शिवमय सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण का केंद्र, बाबाधाम यात्रा की यादें तस्वीरों में संजो रहे कांवरिये

Updated:
विज्ञापन
सेल्फी लेते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

सेल्फी लेते श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

Shravani Mela 2026 : इस बार श्रावणी मेले में शिवमय सेल्फी पॉइंट कांवरियों के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. ये पॉइंट बाबाधाम यात्रा की यादों को तस्वीरों में संजोने का एक अनूठा अवसर प्रदान कर रहे हैं. कैलाश पर्वत और अमरनाथ शिवलिंग की झांकियां भी श्रद्धालुओं को खूब लुभा रही हैं.

विज्ञापन

Shravani Mela 2026 : श्रावणी मेला 2026 में बांका जिले के कांवरिया पथ पर इस बार आस्था के साथ आधुनिक आकर्षण का भी अनूठा संगम देखने को मिल रहा है. कांवरिया पथ के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर बनाए गए शिवमय सेल्फी प्वाइंट श्रद्धालुओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. यहां पहुंचते ही लंबी पैदल यात्रा से थके कांवरिये कुछ पल रुककर अपनी बाबाधाम यात्रा की यादों को मोबाइल कैमरे में कैद कर रहे हैं.

टेंट सिटी के पास आकर्षक सेल्फी प्वाइंट

अबरखा, रंगनियां, लोहटनियां, कोल्हुआ और गोड़ियारी स्थित टेंट सिटी के समीप बनाए गए सेल्फी प्वाइंट को शिवलिंग, त्रिशूल, डमरू और अन्य धार्मिक प्रतीकों की थीम पर सजाया गया है. महिला और पुरुष कांवरिये इन आकर्षक स्थलों पर अलग-अलग अंदाज में तस्वीरें और सेल्फी ले रहे हैं. कई श्रद्धालु अपने परिवार और मित्रों के साथ समूह फोटो खिंचवाकर इस आध्यात्मिक यात्रा को यादगार बना रहे हैं.

कैलाश पर्वत और अमरनाथ शिवलिंग की झांकी लुभा रही श्रद्धालुओं को

कटोरिया के जमुआ मोड़ के समीप दरभाषण नदी पर बने अर्द्धनिर्मित पुल के नीचे तैयार की गई विशेष धार्मिक कलाकृति भी श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित कर रही है. यहां कैलाश पर्वत पर ध्यानमग्न भगवान शिव और अमरनाथ धाम के बर्फीले शिवलिंग की जीवंत झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. बड़ी संख्या में कांवरिये यहां रुककर तस्वीरें ले रहे हैं और अपने सफर को यादगार बना रहे हैं.

आस्था और यादों का खूबसूरत संगम

सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर बाबाधाम की ओर बढ़ रहे श्रद्धालुओं के लिए ये सेल्फी प्वाइंट यात्रा के दौरान आस्था, संस्कृति और आधुनिकता का अनोखा संगम बन गए हैं. बोल-बम के जयघोष के बीच श्रद्धालु शिवभक्ति के प्रतीकों के साथ तस्वीरें लेकर अपनी धार्मिक यात्रा को विशेष बना रहे हैं.

श्रद्धालुओं के बीच बढ़ रहा आकर्षण

श्रावणी मेले में बनाए गए ये शिवमय सेल्फी प्वाइंट केवल फोटो खिंचवाने का स्थान नहीं, बल्कि कांवरियों की आस्था, उत्साह और यादगार यात्रा का हिस्सा बन चुके हैं. यही वजह है कि हर गुजरने वाला श्रद्धालु कुछ पल रुककर इन आकर्षक स्थलों पर अपनी शिवभक्ति को तस्वीरों के माध्यम से हमेशा के लिए संजो लेना चाहता है.


विज्ञापन
दीपक चौधरी

लेखक के बारे में

By दीपक चौधरी

दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन