पहली सोमवारी पर कटोरिया में ट्रैफिक प्लान लागू, बाइपास से गुजर रहे कांवरिया वाहन, बाजार को जाममुक्त रखने की तैयारी

सांकेतिक तस्वीर.
Sawan Somwari 2026 : सावन की पहली सोमवारी पर बाबाधाम जाने वाले कांवरियों की भारी भीड़ के मद्देनजर कटोरिया में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है. छोटे कांवरिया वाहनों को जाम से बचाने के लिए वैकल्पिक बाइपास मार्ग का उपयोग किया जा रहा है.
Sawan Somwari 2026 : सावन की पहली सोमवारी पर बाबाधाम में जलार्पण के लिए उमड़ रही कांवरियों की भीड़ के बीच सुल्तानगंज-बाबाधाम पक्की सड़क पर वाहनों का दबाव भी काफी बढ़ गया है. कटोरिया बाजार को जाम से बचाने के लिए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करते हुए छोटी कांवरिया गाड़ियों का परिचालन वैकल्पिक बाइपास मार्ग से शुरू करा दिया है. इससे बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में मदद मिल रही है.
मुड़ियारी मोड़ से बाइपास होकर देवघर रोड की ओर भेजे जा रहे वाहन
प्रशासन की व्यवस्था के तहत कटोरिया बाजार से पहले मुड़ियारी मोड़ स्थित पीसीसी बाइपास मार्ग से छोटी कांवरिया गाड़ियों को आंबेडकर नगर मोहल्ला और अनाया पेट्रोल पंप होते हुए देवघर रोड की ओर भेजा जा रहा है. यह मार्ग तुरी टोला के समीप मुख्य देवघर रोड से जुड़ता है. इस व्यवस्था से बाजार के मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव काफी कम हुआ है.
गड्ढों की मरम्मत कर बनाया गया सुगम मार्ग
बाइपास मार्ग के कच्चे हिस्से में बने गड्ढों के कारण वाहनों को परेशानी न हो, इसके लिए अनाया पेट्रोल पंप के प्रोपराइटर अजय कुमार तांती के सहयोग से मोरंग और मिट्टी डालकर सड़क को समतल कराया गया है. इससे कांवरिया वाहनों का आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम हो गया है.
बाइपास के दोनों छोर पर पुलिस की तैनाती
पहली सोमवारी को संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने बाइपास मार्ग के दोनों सिरों पर पुलिस बल की तैनाती की है. पुलिसकर्मी लगातार वाहनों की आवाजाही पर नजर रख रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर ट्रैफिक को नियंत्रित कर रहे हैं, ताकि कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न हो.
प्रशासनिक पहल से राहत की उम्मीद
प्रशासन की इस वैकल्पिक ट्रैफिक व्यवस्था से एक ओर कटोरिया बाजार में जाम की समस्या को नियंत्रित करने में सहायता मिल रही है, वहीं बाबाधाम की ओर जाने वाले कांवरिया वाहनों को भी बिना अधिक विलंब के सुगम मार्ग उपलब्ध हो रहा है. पहली सोमवारी के मद्देनजर यह व्यवस्था श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों दोनों के लिए राहतकारी साबित हो रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक चौधरी
दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










