कटोरिया में झमाझम बारिश के बीच गिरा ठनका, दो महिलाओं समेत चार लोग झुलसे, खेत से लौटते समय हुआ हादसा

इलाजरत जख्मी महिला | Prabhat Khabar Network
Banka Lightning Strike : बांका जिले में आकाशीय बिजली गिरने की दो घटनाओं में दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. खेत से लौट रहे लोगों पर गिरी बिजली. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
Banka Lightning Strike : बांका जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र में रविवार को झमाझम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई. सभी घायलों को तत्काल कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.
दो स्थानों पर गिरी आकाशीय बिजली
जानकारी के अनुसार आनंदपुर थाना क्षेत्र की उत्तरी बारणे पंचायत के दोमुहान गांव और दक्षिणी बारणे पंचायत के अगुवानी गांव में अलग-अलग समय पर वज्रपात की घटनाएं हुईं. तेज बारिश के बीच अचानक गिरी बिजली की चपेट में आने से चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए.
दो महिलाओं सहित चार लोग घायल
घायलों में दोमुहान गांव निवासी मोहम्मद अब्दुल मियां के 22 वर्षीय पुत्र मो. हैदर अंसारी, कमाल अंसारी के 10 वर्षीय पुत्र जीशान अंसारी, उस्मान मियां की 70 वर्षीय पत्नी कारी बीबी देवी तथा अगुवानी गांव निवासी सुरेश मंडल की 40 वर्षीय पत्नी चंचली देवी शामिल हैं.
खेत से लौटते समय हुआ हादसा
बताया गया कि घटना के समय दोनों महिलाएं और युवक खेतों में काम करने के बाद घर लौट रहे थे, जबकि 10 वर्षीय जीशान अंसारी अपने घर के दरवाजे पर बैठा हुआ था. इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से सभी उसकी चपेट में आ गए और मौके पर बेहोश हो गए.
अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल सभी घायलों को कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को निगरानी में रखा है. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग लगातार हो रही बारिश के बीच सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक चौधरी
दीपक चौधरी प्रिंट माध्यम में 23 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. कटोरिया (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










