दीवार पर गोयठा ठोकने का विरोध पड़ा भारी, भूमि विवाद में दो पक्ष भिड़े, मारपीट में पिता-पुत्री घायल

Updated:
विज्ञापन
पीड़िता द्वारा थाना में शिकायत करने का | Prabhat Khabar Network

थाने में शिकायत करने पहुंचे एक पक्ष के लोग. | Prabhat Khabar Network

Shambhuganj Clash : शंभुगंज थाना क्षेत्र के गुलनी गांव में भूमि विवाद के चलते दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई. दीवार पर गोयठा ठोकने के विरोध के बाद शुरू हुई इस हिंसा में पिता और पुत्री घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Shambhuganj Clash : बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र के गुलनी गांव में दीवार पर गोयठा ठोकने का विरोध करने पर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. घटना में एक पक्ष के पिता और पुत्री घायल हो गए. दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शंभुगंज में भर्ती कराया गया. पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत शंभुगंज थाना में दर्ज कराई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

भूमि विवाद के बीच फिर बढ़ा विवाद

घायल श्यामलाल दास ने बताया कि पड़ोसी लक्ष्मण दास के साथ कई महीनों से भूमि विवाद चल रहा था. पंचायत के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों की सहमति से विवादित स्थल पर चहारदीवारी का निर्माण कराया गया था, ताकि भविष्य में किसी तरह का विवाद न हो.

गोयठा ठोकने का विरोध करने पर हुई मारपीट

पीड़ित के अनुसार रविवार को लक्ष्मण दास चहारदीवारी पर गोयठा ठोक रहे थे. इसका उनकी पुत्री ज्योति कुमारी ने विरोध किया. आरोप है कि विरोध करने पर लक्ष्मण दास गाली-गलौज करने लगे. शोर सुनकर बीच-बचाव के लिए पहुंचे श्यामलाल दास के साथ भी मारपीट की गई.

लाठी-डंडे से हमला, दोनों घायल

श्यामलाल दास का आरोप है कि लक्ष्मण दास और उनके पुत्र संजीव कुमार ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह और उनकी पुत्री घायल हो गए. घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर दोनों को बचाया और इलाज के लिए सीएचसी शंभुगंज पहुंचाया.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के संबंध में श्यामलाल दास ने लक्ष्मण दास और संजीव कुमार के विरुद्ध शंभुगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुनि सह थानाध्यक्ष राज कुमार प्रसाद ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है. मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
ठाकुर विनोद कुमार

लेखक के बारे में

By ठाकुर विनोद कुमार

ठाकुर विनोद कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. शंभूगंज (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन