बांका में तेज बारिश और बिजली ने उजाड़े तीन परिवार, बांका में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत

60 सदर अस्पताल में पिता व पुत्र के शव से लिपट कर रोते परिजन, 61 लीलावरण गांव में घटना के बाद शव को देखने के लिए लगी भीड़. | Prabhat Khabar Network
बांका जिले में रविवार दोपहर हुई तेज बारिश और वज्रपात ने तीन परिवारों की खुशियाँ छीन लीं. सदर थाना क्षेत्र के खावा गांव में खेत पर काम कर रहे पिता और खाना लेकर पहुंचे 5 वर्षीय मासूम बेटे की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई. वहीं, लीलावरण गांव में एक महिला की भी वज्रपात से जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में मातम पसर गया है.
Banka News: बांका जिले में रविवार दोपहर हुई तेज बारिश और वज्रपात ने तीन परिवारों की दुनिया उजाड़ दी. सदर थाना क्षेत्र के खावा गांव के बहियार में खेत पर काम कर रहे पिता के पास खाना लेकर पहुंचा 5 वर्षीय मासूम बेटा अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया. कुछ ही क्षणों में पिता और पुत्र दोनों की मौत हो गई. वहीं सदर प्रखंड के लीलावरण गांव में खेत में काम कर रही एक महिला की भी वज्रपात से जान चली गई. दोनों घटनाओं के बाद गांवों में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बारिश शुरू होते ही खेतों में काम कर रहे लोग इधर-उधर बचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन खावा बहियार में जो हुआ उसने पूरे इलाके को झकझोर दिया. एक पिता अपने खेत में काम कर रहा था और उसका मासूम बेटा केवल खाना देने वहां पहुंचा था. किसी ने नहीं सोचा था कि कुछ ही पलों में दोनों हमेशा के लिए बिछड़ जाएंगे.
खेत में काम कर रहे पिता के पास पहुंचा था बेटा
मृतकों की पहचान खावा गांव निवासी 35 वर्षीय ब्रह्मदेव यादव और उनके 5 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि ब्रह्मदेव यादव अपने खेत में रोपनी शुरू होने से पहले कृषि उपकरण को ठीक कर रहे थे.
दोपहर के समय उनका बेटा प्रिंस कुमार खाना लेकर खेत पर पहुंचा. इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई. बताया गया कि प्रिंस ने अपने पिता से घर चलने के लिए कहा, लेकिन वे खेत का काम समेटने में लगे रहे.
तेज गर्जन के साथ गिरी बिजली, मौके पर हुई मौत
कुछ ही देर बाद तेज गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरी और पिता-पुत्र दोनों उसकी चपेट में आ गए. आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि बिजली कड़कते ही उन्होंने आंख और कान बंद कर लिए, जिससे उनकी जान बच गई.
शोर सुनकर आसपास मौजूद किसान मौके पर पहुंचे और दोनों को उठाकर तुरंत सदर अस्पताल ले गए, लेकिन वहां चिकित्सक डॉ उसमान गनी ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
अस्पताल में मचा कोहराम, शव से लिपटकर रोते रहे परिजन
घटना की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. पिता और पुत्र के शव को एक साथ देख परिवार के लोग फूट-फूटकर रोने लगे. पत्नी रेखा देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
परिजनों के अनुसार, प्रिंस कुमार परिवार का इकलौता बेटा था. उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
लीलावरण गांव में खेत में काम कर रही महिला की भी मौत
दूसरी घटना सदर प्रखंड के लीलावरण गांव में हुई. यहां खेत में काम कर रही सरिता देवी, पत्नी प्रकाश यादव, अचानक वज्रपात की चपेट में आ गईं.
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है.
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. खावा गांव की घटना में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया.
लीलावरण गांव की घटना के बाद अंचलाधिकारी प्रत्यक्ष कुमार और सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद महिला का शव भी परिवार को सौंप दिया गया.
Banka News: बारिश और वज्रपात के दौरान सतर्क रहने की अपील
रविवार की इन घटनाओं ने एक बार फिर यह याद दिलाया कि मानसून के दौरान खेतों, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे काम करना कितना खतरनाक हो सकता है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज गर्जन और बिजली चमकने की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और खुले क्षेत्रों में काम करने से बचें.
Also Read: TRE-4 के लिए BPSC को भेजा गया प्रस्ताव हुआ वापस, क्या अब होगा आंदोलन? शोभा अहोतकर से लगाई उम्मीद
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By चंदन कुमार
चंदन कुमार बांका में प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










