शहर में बढ़ता चेन स्नैचिंग का डर, दो महीने में हुईं कई घटनाएं

Updated:
विज्ञापन
शहर में चेन स्नैचिंग का खौफ: बढ़ी महिलाओं की सुरक्षा चिंता

सांकेतिक तस्वीर

शहर में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन और पर्स छीनने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. उलीडीह की घटना के बाद सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

शहर में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन और पर्स छिनतई की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. उलीडीह में मॉर्निंग वॉक से लौट रही महिला से चेन छिनतई की हालिया घटना के बाद एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. जून और जुलाई में शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छिनतई की कई घटनाएं सामने आई हैं. कई मामलों में अपराधियों ने विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट भी की.

पुलिस के अनुसार, छिनतई की घटनाओं को लेकर विशेष टीम बनाई गई है और पुराने मामलों की समीक्षा की जा रही है. पुलिस अपराधियों और गिरोह की पहचान में जुटी है.

लगातार वारदातों से महिलाओं में डर का माहौल

शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं अलग-अलग इलाकों में सामने आई हैं. अपराधी कभी बाइक सवार बनकर तो कभी पैदल आकर महिलाओं को अपना निशाना बना रहे हैं. कई घटनाओं में बदमाशों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया है.

21 जुलाई को बागबेड़ा थाना क्षेत्र में रेलवे की महिला कर्मी और विश्व हिंदू परिषद की नेत्री एम भवानी से चेन छिनतई का प्रयास किया गया था. विरोध करने पर अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की थी. हालांकि, एम भवानी ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का मुकाबला किया. शोर सुनकर जुटे लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दूसरा फरार हो गया.

एम भवानी ने बताया था कि ड्यूटी से लौटने के दौरान रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी स्थित घर के पास दो युवकों ने उन्हें घेर लिया था. एक आरोपी ने हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद बदमाशों ने उनके गले से चेन छीनने का प्रयास किया. विरोध और शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और एक आरोपी पकड़ा गया.

जून-जुलाई में सामने आईं कई घटनाएं

2 जुलाई को बिरसानगर जोन नंबर-1बी निवासी असीम बनर्जी से तीन बदमाशों ने चापड़ से हमला कर पर्स छीन लिया था.

5 जुलाई को सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के लिट्टी चौक के पास बाइक सवार बदमाशों ने स्नेहा कुमारी और उनके भाई सत्यम कुमार से छिनतई का प्रयास किया था. घटना में दोनों घायल हो गए थे.

12 जुलाई को सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली थी.

14 जुलाई को उलीडीह थाना क्षेत्र के समतानगर निवासी भानू गोप का पर्स बाइक सवार युवक छीनकर फरार हो गया था. पर्स में 10 हजार रुपये थे.

22 जुलाई को कदमा के रंजन अपार्टमेंट के पास बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन छीन ली थी. घटना में महिला का हाथ टूट गया था.

31 जुलाई को सोनारी हवाई अड्डा के पास अर्चना श्रीवास्तव से चेन छिनतई की घटना हुई थी. वहीं, साकची के जुबली पार्क रोड में चाउमीन खा रही महिला चंद्रमा दास के गले से भी सोने की चेन छीन ली गई थी.

अपराधियों की पहचान में जुटी पुलिस

एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब ने कहा कि छिनतई और चोरी की घटनाओं को लेकर टीम गठित की गई है. सभी थाना क्षेत्रों में पिछले छह महीने के मामलों की समीक्षा की जा रही है. पुलिस छिनतई करने वाले गिरोह की पहचान कर रही है और इसमें शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी.


विज्ञापन
भूमि शर्मा

लेखक के बारे में

By भूमि शर्मा

भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola