ग्राहक सेवा केंद्र संचालक ने महिला के खाते से 10 हजार रुपये किया गबन, पुलिस जांच में जुटी

ग्राहक सेवा केंद्र संचालक ने महिला के खाते से 10 हजार रुपये किया गबन, पुलिस जांच में जुटी
शंभुगंज. विरनौधा पंचायत अंतर्गत शौगुनी गांव की निवासी रानी देवी अपने बचत खाते का बैलेंस जांच कराने शंभुगंज बाजार स्थित ग्राहक सेवा केंद्र पर गयी थी. लेकिन वहां पहुंचते ही उन्हें बड़ी अनहोनी का सामना करना पड़ा. केंद्र संचालक ने महिला के खाते से 10 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली. इस घटना का पता तब चला जब रानी देवी ने अपने खाते को बैंक में जाकर अपडेट कराया. जानकारी के अनुसार, रानी देवी के यूको बैंक शंभुगंज शाखा में बचत खाता संचालित था. महिला अपने खाते की शेष राशि जानने के उद्देश्य से ग्राहक सेवा केंद्र पहुंची थी. लेकिन बैलेंस जांच कराने के दौरान केंद्र संचालक ने उसका भरोसा तोड़ते हुए उसके खाते से 10 हजार रुपये निकाल लिये. घटना के समय रानी देवी वहां मौजूद थीं. उन्होंने संचालक से तुरंत जवाब मांगा. इस पर संचालक ने आधी राशि यानी पांच हजार रूपये बात कही, लेकिन महिला ने पूरी राशि की मांग पर अड़ी रहीं. रानी देवी के मुताबिक, उन्होंने कई बार संचालक से संपर्क कर अपने पैसे की मांग की, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला. जब बात नहीं बनी, तो महिला ने न्याय के लिए शंभुगंज थाना का रुख किया. उन्होंने घटना की पूरी जानकारी पुलिस को दी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगायी. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गयी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी. साथ ही बैंक व ग्राहक सेवा केंद्र से संबंधित दस्तावेजों की भी समीक्षा की जा रही है. ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह अवैध निकासी किस तरीके से संभव हुई व इसमें किन्होंने मदद की. घटना ने स्थानीय लोगों में भी चिंता पैदा कर दी है. बैंकिंग सेवाओं व ग्राहक सेवा केंद्रों पर लोगों का भरोसा पहले से ही मजबूत बनाने के प्रयास चल रहे थे, लेकिन इस तरह की घटना से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ गयी है. लोगों का कहना है कि बैंकिंग प्रणाली में पारदर्शिता व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभाग को कड़ा कदम उठाना चाहिए. इस घटना के बाद पुलिस व बैंक प्रशासन दोनों ही मामले की गहन जांच में जुट गए हैं. स्थानीय प्रशासन ने जनता से अपील की है कि यदि किसी को इस तरह की अवैध निकासी या धोखाधड़ी की जानकारी हो तो तुरंत सूचना दें. रानी देवी के हक में न्याय दिलाने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है और शीघ्र कार्रवाई की बात कही गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




