साझी संस्कृति और विरासत पर मंथन, प्रगतिशील लेखक संघ की 19 सदस्यीय जिला कमेटी गठित

Updated:
विज्ञापन

पुस्तक का विमोचन करते अतिथि

Aurangabad News : औरंगाबाद में प्रगतिशील लेखक संघ का जिला सम्मेलन आयोजित, वक्ताओं ने साझी संस्कृति, सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने पर जोर दिया.

विज्ञापन

Aurangabad News : प्रगतिशील लेखक संघ जिला शाखा, औरंगाबाद का दूसरा जिला सम्मेलन पिलछी रोड स्थित लिटिल एंजिल्स स्कूल में आयोजित किया गया. सम्मेलन में ‘साझी संस्कृति और विरासत : कल और आज’ विषय पर विशेष चर्चा की गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने की, जबकि संचालन सत्येंद्र कुमार ने किया. सम्मेलन में प्रगतिशील लेखक संघ बिहार के राज्य महासचिव रवींद्रनाथ राय मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए. इस दौरान साहित्य, समाज, लोकतांत्रिक मूल्यों और देश की साझी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे.

कई शिक्षाविदों और साहित्यकारों ने रखे विचार

सम्मेलन में शिक्षाविद् वसी अहमद, राज्य कोषाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, शिक्षाविद् नवेंदु परिदर्शी, कथाकार कमलेश कुमार, राजकुमार शाही और उमेश सिंह सहित कई स्थानीय साहित्यकारों एवं वक्ताओं ने अपने विचार रखे. वक्ताओं ने कहा कि देश की साझी संस्कृति, सामाजिक सौहार्द और बहुसांस्कृतिक विरासत को मजबूत करना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है. उन्होंने सामाजिक एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए साहित्य और वैचारिक चेतना की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया.

‘समय का साक्षात्कार’ आलेख-संग्रह का हुआ विमोचन

सम्मेलन के दौरान राजकुमार शाही द्वारा लिखित ‘समय का साक्षात्कार’ आलेख-संग्रह पुस्तक का विमोचन भी किया गया. उपस्थित साहित्यकारों ने पुस्तक के माध्यम से समकालीन सामाजिक और वैचारिक विषयों पर चर्चा की. कार्यक्रम में साहित्य के जरिए समाज में जागरूकता और तर्कशील सोच विकसित करने पर भी जोर दिया गया.

सांप्रदायिकता, जातिवाद और सामाजिक चुनौतियों पर हुई चर्चा

शिक्षाविद् वसी अहमद ने आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संकट पर चिंता जताई. उन्होंने सांप्रदायिकता, जातिवाद, महिलाओं के उत्पीड़न तथा मजदूरों और किसानों की समस्याओं के खिलाफ व्यापक संघर्ष का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के दोहन, युद्ध और हिंसा के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने वाली प्रवृत्तियों का विरोध आवश्यक है.

लोकतांत्रिक मूल्यों और समानता की रक्षा पर दिया जोर

नवेंदु परिदर्शी ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ देश निर्माण का जो सपना देखा गया था, वह आज कई चुनौतियों का सामना कर रहा है. उन्होंने सांप्रदायिकता, जातिवाद, महिला उत्पीड़न तथा मजदूरों और किसानों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को गंभीर चुनौती बताया. वहीं कथाकार कमलेश कुमार ने युवाओं से अधिक से अधिक अध्ययन करने और तर्कशील बनने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए अध्ययन और वैचारिक समझ जरूरी है.

पुस्तकालयों और गांव-गांव तक पुस्तकों को पहुंचाने का आह्वान

वक्ताओं ने बाजारवादी और उपभोक्तावादी संस्कृति को भी सामाजिक मूल्यों के लिए चुनौती बताया. उन्होंने जाति उन्मूलन, महिला अधिकार, मजदूर-किसान हित और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों को मजबूती से उठाने पर जोर दिया. सम्मेलन में विद्यार्थियों, मजदूरों, किसानों और महिलाओं के बीच जाकर प्रगतिशील चेतना विकसित करने, गांव-गांव तक पुस्तकें पहुंचाने तथा लोगों को पुस्तकालयों से जोड़ने का आह्वान किया गया.

19 सदस्यीय जिला कमेटी का किया गया गठन

सम्मेलन के दौरान प्रगतिशील लेखक संघ की 19 सदस्यीय जिला कमेटी का गठन किया गया. सुरेंद्र प्रसाद सिंह को अध्यक्ष बनाया गया. नागेश्वर यादव और हीरा मास्टर को उपाध्यक्ष, दिलीप कुमार को सचिव, नीरज कुमार, सुजीत कुमार एवं नरेश कौशिक को संयुक्त सचिव तथा मिथलेश कुमार को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई. कार्यकारिणी में सत्येंद्र कुमार, श्रीकिशुन, अर्जुन, दीपन, गिरीश, सोनी कुमारी, अवधकिशोर, अनीश कुमार, अरुण कुमार रंजन, मनोज यादव और राहुल कुमार को शामिल किया गया.

लेखक, साहित्यकार और सामाजिक कार्यकर्ता रहे उपस्थित

सम्मेलन में बड़ी संख्या में लेखक, साहित्यकार और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे. वक्ताओं ने साहित्य, सामाजिक चेतना और संगठनात्मक मजबूती के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच प्रगतिशील विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.

Also Read : रजौली में अनियंत्रित कार ने दादा-पोती को मारी टक्कर, 5 साल की मासूम की मौत; दादा गंभीर रूप से घायल


विज्ञापन
ओमप्रकाश

लेखक के बारे में

By ओमप्रकाश

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन