औरंगाबाद में पारिवारिक विवाद में बेटे ने पिता के सिर पर लोहे की रॉड से किया हमला, पत्नी और पुत्र पर केस दर्ज

Updated:
विज्ञापन

घायल पिता की तस्वीर

Aurangabad News : गोह हसपुरा में पारिवारिक विवाद के चलते बेटे ने पिता पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला किया. पुलिस ने पत्नी और बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

Aurangabad News : हसपुरा थाना क्षेत्र के बिरहारा गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर एक युवक द्वारा अपने पिता पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. हमले में पिता शंकर सिंह का सिर फट गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए रेफरल अस्पताल हसपुरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनके सिर में कई टांके लगाए.

दीवार निर्माण के लिए गिलावा तैयार करने के दौरान हुआ विवाद

थाने में दिए आवेदन के अनुसार, शंकर सिंह शनिवार दोपहर करीब 12 बजे अपने घर के समीप दीवार बनाने के लिए मिट्टी का गिलावा तैयार कर रहे थे. इसी दौरान उनकी पत्नी सुषमा देवी और 19 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार उर्फ बिट्टू वहां पहुंचे. आवेदन में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान पुत्र सौरभ कुमार ने लोहे की रॉड से उनके सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे उनका माथा फट गया और काफी खून बहने लगा.

चार वर्षों से अलग रह रहे हैं पत्नी और पुत्र, पीड़ित ने लगाया आरोप

शंकर सिंह ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी और पुत्र पिछले करीब चार वर्षों से उनसे अलग रह रहे हैं. शंकर सिंह गांव के ही एक व्यक्ति के पोल्ट्री फार्म में रहकर जीवनयापन करते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि हाल में वे अपने रहने के लिए एक कमरा बनाने का प्रयास कर रहे थे. इसी बात को लेकर विवाद हुआ और उन पर हमला कर दिया गया.

Also Read : सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर शोभनाथ मंदिर में तैयारियां पूरी, पंचमुखी महादेव के दर्शन के लिए उमड़ेंगे श्रद्धालु

जान-माल की सुरक्षा की लगाई गुहार

घायल शंकर सिंह ने हसपुरा थाने में आवेदन देकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है. साथ ही उन्होंने पत्नी सुषमा देवी और पुत्र सौरभ कुमार उर्फ बिट्टू के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

Also Read : आजादी के जश्न के बीच मेसकौर पीएचसी में गूंजी दो नवजात बेटियों की किलकारी, सामान्य प्रसव से हुआ जन्म

पत्नी और पुत्र के खिलाफ दर्ज हुआ मामला

हसपुरा थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर हसपुरा थाना कांड संख्या 301/26 दर्ज किया गया है. मामले में सुषमा देवी और सौरभ कुमार उर्फ बिट्टू को नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : नवादा में स्वतंत्रता दिवस पर स्कूल में उल्टा फहराया गया तिरंगा, ग्रामीणों ने उतारकर सुरक्षित रखा


विज्ञापन
मणिकांत पांडेय

लेखक के बारे में

By मणिकांत पांडेय

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन