औरंगाबाद में NH-19 पर तेज रफ्तार ट्रक ने टोटो में मारी टक्कर, 27 वर्षीय युवक की मौत; मासूम के सिर से उठा पिता का साया

Updated:
विज्ञापन

रोते बिलखते परिजन

औरंगाबाद के मदनपुर में ट्रक की टक्कर से टोटो सवार युवक की मौत, चार माह के मासूम के सिर से उठा पिता का साया. परिवार में छाया मातम, मुआवजे की मांग.

विज्ञापन

Aurangabad Road Accident : औरंगाऔरंगाबाद में NH-19 पर तेज रफ्तार ट्रक ने टोटो में मारी टक्कर, 27 वर्षीय युवक की मौत; 4 माह के मासूम के सिर से उठा पिता का सायाबाद के मदनपुर थाना क्षेत्र में रानीगंज के समीप शनिवार देर शाम एनएच-19 पर सड़क हादसा हुआ. घटना में टोटो सवार 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका सहोदर भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए.

मामला आंजन थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव की है. हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान रामबली यादव के पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है.

अंकित अपने परिवार का कमाऊ सदस्य था. उसकी मौत के बाद पत्नी, चार माह के मासूम बेटे और बुजुर्ग माता-पिता के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में मातम का माहौल बन गया.

घर लौटते समय टोटो को ट्रक ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, अंकित कुमार अपने सहोदर भाई उमेश कुमार के साथ टोटो से शिवगंज से अपने घर लौट रहे थे. शनिवार की देर शाम दोनों का टोटो जैसे ही रानीगंज के समीप एनएच-19 पर पहुंचा, उसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में उमेश कुमार सड़क किनारे जा गिरे, जबकि अंकित कुमार टोटो में ही फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

मौके पर पहुंची डायल-112

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद ले जाया गया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद अंकित कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं, घायल उमेश कुमार का इलाज अस्पताल में चल रहा है.

मौत की खबर मिलते ही गांव में मचा कोहराम

अंकित कुमार की मौत की खबर जैसे ही मिर्जापुर गांव पहुंची, परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई. परिजन आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे. वहां अंकित का शव देखते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

मृतक की पत्नी बबीता देवी पति के शव से लिपटकर बार-बार बेसुध हो रही थीं. चार माह के मासूम बेटे को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं. वहीं, बुजुर्ग मां श्रीमती देवी बेटे की मौत से गहरे सदमे में हैं.

मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था

ग्रामीणों ने बताया कि अंकित मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. परिवार की रोजमर्रा की जरूरतें उसकी कमाई से ही पूरी होती थीं. ऐसे में अचानक उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.

मुआवजे की मांग में NH-19 किया जाम

हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश भी देखने को मिला. मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने और सड़क पर सुरक्षा के इंतजाम की मांग को लेकर लोगों ने एनएच-19 को जाम कर दिया. सड़क जाम होने से कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही.

थाना अध्यक्ष राजेश कुमार पहुंचे NH-19

जाम की सूचना मिलते ही मदनपुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. काफी देर तक बातचीत के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया.

इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया.

ग्रामीणों ने अंडरपास बनाने की उठाई मांग

रानीगंज के समीप हादसे के बाद ग्रामीणों ने एनएच-19 की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले सड़क पार करने के लिए एक कट था, जिसे अब बंद कर दिया गया है.

ग्रामीणों के अनुसार, कट बंद होने के बाद स्थानीय लोगों को सड़क के एक तरफ से दूसरी तरफ जाने में परेशानी होती है. कई बार लोगों को जोखिम उठाकर सड़क पार करना पड़ता है. इसी वजह से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.

सुरक्षित अंडरपास के निर्माण की मांग

ग्रामीणों ने मांग की है कि या तो बंद किए गए कट को दोबारा खोला जाए या फिर रानीगंज के समीप सुरक्षित अंडरपास का निर्माण कराया जाए. उनका कहना है कि सुरक्षित रास्ता मिलने से स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी और सड़क हादसों पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी.

चार माह के बच्चे के सिर से उठा पिता का साया

अंकित कुमार की शादी पिछले वर्ष देव थाना क्षेत्र के मझौली गांव में बबीता देवी के साथ हुई थी. शादी के कुछ समय बाद उनके घर बेटे का जन्म हुआ था. परिवार में बच्चे के आने से खुशियां थीं, लेकिन चार महीने बाद ही सड़क हादसे ने सबकुछ बदल दिया.

अंकित की मौत के बाद मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया है. पत्नी बबीता देवी के सामने पति को खोने के साथ परिवार की जिम्मेदारी का भी बड़ा संकट खड़ा हो गया है. वहीं बुजुर्ग माता-पिता के लिए भी बेटे की मौत किसी बड़े सदमे से कम नहीं है.

मुखिया ने की सरकारी मुआवजा की मांग

मनिका पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि शंकर राम ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मृतक के परिजनों को जल्द सरकारी मुआवजा देने की मांग की है. उन्होंने पारिवारिक लाभ योजना के साथ अन्य संभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की है, ताकि परिवार को तत्काल राहत मिल सके.

लगातार हादसों से सड़क सुरक्षा पर सवाल

रानीगंज के समीप एनएच-19 पर लगातार हो रहे सड़क हादसों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके में सुरक्षित क्रॉसिंग की व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों को सड़क पार करने में जोखिम उठाना पड़ता है.

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से इस मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते अंडरपास या सुरक्षित क्रॉसिंग जैसी व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में भी ऐसे हादसे होते रहेंगे.


विज्ञापन
विनय सिंह

लेखक के बारे में

By विनय सिंह

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन