Independence day: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर रमना मैदान में शान से लहराया तिरंगा, प्रभारी मंत्री लखेन्द्र पासवान ने किया झंडोत्तोलन
बेतिया के ऐतिहासिक बड़े रमना मैदान में 80वें स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह देशभक्ति के उल्लास के बीच आयोजित हुआ. प्रभारी मंत्री लखेन्द्र पासवान ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली. समारोह में सांसद डॉ. संजय जायसवाल, विधायक रेणु देवी, डीएम तरनजोत सिंह, एसएसपी कुमार गौतम समेत जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान जिले की विकास योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों का भी ब्यौरा रखा गया.
Bettiah: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को शहर के ऐतिहासिक बड़े रमना मैदान में जिले का मुख्य समारोह आयोजित किया गया. समारोह में सूबे के अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण मंत्री सह पश्चिम चम्पारण के प्रभारी मंत्री लखेन्द्र पासवान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. तिरंगा लहराते ही पूरा मैदान राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर हो गया. झंडोत्तोलन के बाद प्रभारी मंत्री ने एसएसपी कुमार गौतम के साथ बिहार पुलिस, एनसीसी और स्काउट के जवानों की मिली-जुली परेड का निरीक्षण किया. परेड में शामिल टुकड़ियों ने अनुशासन और देशभक्ति का प्रदर्शन करते हुए सलामी दी. समारोह में मौजूद लोगों ने भी देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जतायी.
विकास योजनाओं का रखा ब्यौरा
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों का ब्यौरा रखा. उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है. शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, आवास, रोजगार और आधारभूत संरचना समेत विभिन्न क्षेत्रों में संचालित योजनाओं से लोगों को मिल रहे लाभ की जानकारी भी उन्होंने साझा की.
अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
मुख्य समारोह में सांसद डॉ. संजय जायसवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, चम्पारण रेंज के डीआईजी हर किशोर राय, जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, एसएसपी कुमार गौतम, डीडीसी काजले नितीन वैभव समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. समारोह में विभिन्न विभागों के कर्मियों, स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट एवं आम लोगों की भी सहभागिता रही.
कलेक्ट्रेट से लेकर पुलिस कार्यालय तक फहराया गया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने झंडोत्तोलन किया. वहीं डीआरडीए में डीडीसी काजले नितीन वैभव, पुलिस कार्यालय में एसएसपी कुमार गौतम, अनुमंडल कार्यालय में एसडीएम विकास कुमार, नगर निगम में महापौर गरिमा देवी सिकारिया तथा निबंधन कार्यालय में डीएसआर गिरीश चंद्र ने झंडोत्तोलन किया. पूरे जिले में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह का माहौल रहा. सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में देशभक्ति के गीत और नारों से वातावरण गूंजता रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अवध किशोर तिवारी
अवध किशोर तिवारी तीन दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. इन्होंने हिंदी दैनिक राष्ट्रीय सहारा के दिल्ली संस्करण से करियर की शुरुआत की. वर्तमान में वर्ष 2018 से प्रभात खबर के बेतिया ब्यूरो कार्यालय से जुड़े हैं. सामाजिक, अपराध, राजनीतिक एवं जनसरोकार से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए