एनएच-19 पर भीषण हादसा, टोटो सवार युवक की मौत; सहोदर भाई गंभीर घायल
घटनास्थल पर लगी भीड़ | Prabhat Khabar Network
मदनपुर एनएच-19 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत और उसका भाई घायल। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Road Accident : मदनपुर थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय दद्दपी के समीप एनएच-19 पर शनिवार रात तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में टोटो सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उसका सहोदर भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-19 को जाम कर दिया.
शिवगंज से घर लौट रहे थे दोनों भाई
मृतक की पहचान मिर्जापुर गांव निवासी रामबली यादव के 27 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है. वहीं, उसका भाई उमेश कुमार हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका इलाज कराया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार, दोनों भाई शिवगंज से टोटो पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान मध्य विद्यालय दद्दपी के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकित कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि उमेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया.
मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-19 जाम
घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर एनएच-19 को जाम कर दिया.
पुलिस अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों को समझाने और सड़क जाम समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा था. समाचार लिखे जाने तक एनएच-19 पर जाम लगा हुआ था. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी थी.
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस मामले की जांच कर रही है. हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से वाहन का पता लगाने में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










