रजौली में अनियंत्रित कार ने दादा-पोती को मारी टक्कर, 5 साल की मासूम की मौत; दादा गंभीर रूप से घायल

Updated:
विज्ञापन

रजौली थाना परिसर की फोटो

रजौली के दोपटा मोड़ पर अनियंत्रित कार की टक्कर से 5 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई और दादा गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Nawada Road Accident : रजौली थाना क्षेत्र के दोपटा मोड़ के समीप शनिवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. एनएच-20 किनारे शौच के लिए गए दादा-पोती को नवादा की ओर से आ रही एक अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में पांच वर्षीय बच्ची राखी कुमारी की मौत हो गई, जबकि उसके दादा राजकुमार राजवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया.

हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. स्थानीय लोगों ने घायल दादा-पोती को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल रजौली पहुंचाया. अस्पताल में करीब एक घंटे तक बच्ची का इलाज किया गया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ. चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

सुबह सड़क किनारे से लौट रहे थे दादा-पोती

जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार की सुबह करीब 6 बजे हुआ. एनएच-20 के किनारे स्थित दोपटा गांव के बिगहा निवासी मुकेश राजवंशी की पांच वर्षीय बेटी राखी कुमारी अपने दादा राजकुमार राजवंशी के साथ शौच के लिए सड़क किनारे गई थी.

जानकारी के अनुसार शौच के बाद दोनों वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान नवादा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही काले रंग की एक कार अनियंत्रित हो गई. कार ने दादा-पोती को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

हादसे के बाद चालक फरार

हादसे के तुरंत बाद कार चालक ने रुकने के बजाय वाहन को मौके से भगाने में ही भलाई समझी. स्थानीय लोगों ने कार का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन चालक वहां से निकल गया. इसके बाद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की.

बच्ची की हालत थी नाजुक

घटना के बाद घायल राखी कुमारी और उसके दादा राजकुमार राजवंशी को अनुमंडलीय अस्पताल रजौली लाया गया. ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. श्याम नंदन प्रसाद ने बच्ची की स्थिति को बेहद गंभीर बताया.

चिकित्सक के अनुसार, अस्पताल लाए जाने के समय राखी अचेत अवस्था में थी. डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने करीब एक घंटे तक उसका आपातकालीन इलाज किया. इलाज के दौरान बच्ची में किसी तरह की हलचल नहीं दिखाई दी. तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.

हादसे में व्यक्ति का पैर टूट गया

हादसे में राजकुमार राजवंशी के पैर में गंभीर चोट आई और पैर टूट गया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनका एक्स-रे कराया गया. स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल नवादा रेफर कर दिया.

पिता के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी

घटना की सूचना मिलने के बाद रजौली थाना की पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई. मृत बच्ची के पिता मुकेश राजवंशी ने पुलिस को दिए फर्द बयान में हादसे की पूरी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि दादा-पोती सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने दोनों को टक्कर मार दी.

पुलिस का बयान

रजौली थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस अब फरार कार चालक की पहचान करने में जुटी है. हादसे में शामिल कार और उसके चालक का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप शव

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्ची का शव परिजनों को सौंप दिया गया. मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. वहीं इस घटना से दोपटा गांव और आसपास के इलाके में भी शोक का माहौल है.

फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर हादसे के बाद कार चालक कहां फरार हुआ. पुलिस अब आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही कार और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-20 पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है.

मासूम बच्ची की मौत ने परिवार को गहरा सदमा दिया है, जबकि घायल दादा का इलाज जारी है. पुलिस का कहना है कि हादसे में शामिल वाहन और चालक की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश और पूरे मामले की जांच में जुटी है.


विज्ञापन
Kr Manish Dev

लेखक के बारे में

By Kr Manish Dev

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन