डायट तरार में नवाचारी शिक्षकों का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
कार्यक्रम में उपस्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य
Aurangabad News : दाउदनगर में नवाचारी शिक्षा और मेरा मोबाइल, मेरी शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन. शिक्षकों को सम्मानित कर बच्चों को खेल-खेल में सिखाने के लिए प्रेरित किया गया.
Aurangabad News : औरंगाबाद के डायट तरार सभागार में टीबीटी हिस्ट्री मेकर एवं 'मेरा मोबाइल, मेरी शिक्षा' अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह भी आयोजित हुआ, जिसमें नवाचारी शिक्षकों को उनके बेहतर शैक्षणिक कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो और विद्यालय के नाम पर एक पौधा देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर सिंह रहे.
नवाचारी शिक्षा के महत्व पर हुई चर्चा
कार्यक्रम में नवाचारी शिक्षा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई. बताया गया कि शिक्षक नए-नए शिक्षण तरीकों और गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं. इसका उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि विकसित करना और सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाना है.
ड्रॉपआउट कम करने और उपस्थिति बढ़ाने पर जोर
कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों में ड्रॉपआउट की समस्या को कम करने और विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया. शिक्षकों ने बच्चों को रुचिकर और गतिविधि आधारित शिक्षा से जोड़ने की आवश्यकता बताई. साथ ही मोबाइल और अन्य आधुनिक संसाधनों का शैक्षणिक उपयोग कर बच्चों को सीखने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति
शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी मनमोहक प्रस्तुति दी गई. स्वागत गीत और अभियान गीत के साथ लोकनृत्य, लोकगीत, कजरी, मगही लोकगीत और कव्वाली प्रस्तुत की गई. कजरी की प्रस्तुति कुमारी शोभा भारती और कुमारी पूजा मौर्य ने दी, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा.
निरंजन कुमार निराला ने किया संचालन
कार्यक्रम की अध्यक्षता और संचालन निरंजन कुमार निराला ने किया. उन्होंने कहा कि नवाचारी शिक्षण पद्धतियां विद्यालयी शिक्षा को अधिक प्रभावी, रोचक और बच्चों के अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं.
कई शिक्षक रहे मौजूद
मौके पर शिक्षक संजीव कुमार, रिंकी कुमारी, शशिकांत कुमार, सच्चिदानंद सिंह, गौतम कुमार सिंह, प्रमोद प्रजापति, अमरेंद्र कुमार, विभा कुमारी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे.
Also Read : रजौली में अनियंत्रित कार ने दादा-पोती को मारी टक्कर, 5 साल की मासूम की मौत; दादा गंभीर रूप से घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











