Aurangabad News : बारात से लौटने के बाद गाड़ी से उतरकर पैदल घर जा रहे व्यक्ति की दुर्घटना में मौत

Aurangabad News: अंबा-नवीनगर पथ में दधपा ब्रह्मस्थान के समीप हुई घटना
कुटुंबा. कुटुंबा थाना क्षेत्र के अंबा–नवीनगर पथ में दधपा ब्रह्म स्थान के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक 43 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गयी. घटना बुधवार की अहले सुबह की है. मृतक की पहचान कुटुंबा थाना क्षेत्र के दधपा गांव निवासी जीतेंद्र शर्मा के रूप में की गई है. वह पेशे से बढ़ई मिस्त्री थे. प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीतेंद्र अंबा बाजार में बैजनाथ शर्मा की दुकान पर काम करते थे. मंगलवार की शाम वह बैजनाथ शर्मा के भतीजे की बारात में शामिल होने के लिए चिल्हकी गांव से इमामगंज डुमरिया गये थे. बारात से लौटने के बाद रात्रि करीब 3:30 बजे वे चिल्हकी मोड़ के समीप वाहन से उतरकर घर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी. दुर्घटना के बाद चालक अंधेरे और सुनसान का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी सूचना परिजनों को दी. सूचना मिलते ही मृतक के छोटे पुत्र शुभम कुमार मौके पर पहुंचे और पिता को अचेत अवस्था में पाया. परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें कुटुंबा रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया गया. हालांकि, औरंगाबाद ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
घटना को लेकर अलग-अलग चर्चा
घटना के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने मृतक के शरीर पर चोट के निशान देखकर मारपीट कर हत्या की आशंका जताई है. हालांकि पुलिस इसे प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना मान रही है. कुटुंबा थानाध्यक्ष इमरान आलम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. मृतक अपने पीछे दो बेटियां और तीन बेटे छोड़ गये हैं. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










