भोजपुर : फतेहपुर-रामनगर सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, राहगीरों और वाहन चालकों की बढ़ी मुश्किल
जर्जर हुई सड़क | Prabhat Khabar Network
भोजपुर जिले के तरारी प्रखंड की फतेहपुर-रामनगर-तरारी मुख्य मार्ग की हालत बेहद खस्ताहाल है. बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ी गिट्टियां राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं. बारिश के बाद स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है.
Tarari Fatehpur Ramnagar Road : भोजपुर जिले के तरारी प्रखंड क्षेत्र के फतेहपुर-रामनगर-तरारी मुख्य मार्ग की हालत इन दिनों बेहद जर्जर हो गई है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ी गिट्टियां राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गई हैं. बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है. इससे वाहन चालकों को दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की समस्याएं
रामनगर निवासी रॉकी सिंह ने बताया कि सड़क की बदहाली के कारण प्रतिदिन आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है. खासकर बाइक सवारों को गड्ढों से बचकर निकलना पड़ता है.
सड़क पर कई जगह गड्ढे इतने गहरे हैं कि रात में वाहन चलाना जान जोखिम में डालने जैसा है. विभाग को तत्काल मरम्मत करानी चाहिए. सिकरौल निवासी भूपेश पाण्डेय ने बताया कि यह मार्ग कई गांवों को तरारी प्रखंड मुख्यालय से जोड़ता है. सड़क खराब होने से मरीजों, विद्यार्थियों और किसानों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है.
जनप्रतिनिधियों की मांग और प्रशासनिक उपेक्षा
जिला पार्षद मध्य गिरीश नंदन उर्फ राकेश सिंह ने कहा कि फतेहपुर-रामनगर-तरारी मुख्य मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण सड़क है. लंबे समय से सड़क की बदहाली के बावजूद इसकी समुचित मरम्मत नहीं कराई गई है. उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल सड़क का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से निजात मिल सके.
Also Read : नालंदा में 3.54 लाख पेंशनधारियों को मिली बढ़ी पेंशन, खातों में भेजे गए करीब 40 करोड़ रुपये
बारिश के दिनों में बढ़ता हादसों का खतरा
बसौरी पैक्स अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि बारिश के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क और गड्ढे का अंतर समझ में नहीं आता, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है. ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की शीघ्र मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










