आरा में आपसी विवाद के दौरान बुजुर्ग पर हमला, इलाज के दौरान गई जान, पट्टीदारों पर लगा आरोप
Published by : Ragini Sharma Updated At : 08 Jun 2026 1:03 PM
सांकेतिक तस्वीर
Arrah Accident News: भोजपुर के कोईलवर में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान सदर अस्पताल में मौत हो गई. परिजनों ने पट्टीदारों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
Arrah Accident News: (मो. वसीम) आरा जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र अंतर्गत महादेव चक गांव में रविवार की देर रात पुराने जमीनी विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
शरीर पर कई जगह चोट के निशान
मृतक के शरीर पर गंभीर हमले के स्पष्ट निशान पाए गए हैं. उनके सिर के दोनों तरफ गहरी चोट, दोनों हाथों और पैरों पर जख्म के निशान मिले हैं, जिससे हमले की बर्बरता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
दालान से उठा ले जाकर की गई पिटाई
घटना के संबंध में मृतक के बेटे अखिलेश महतो ने बताया कि उनके पिता बलिराम महतो (65 वर्ष), जो पेशे से किसान थे, रविवार की रात खाना खाने के बाद रोज की तरह दालान में सोने गए थे. इसी दौरान पट्टीदार अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ वहां पहुंचे और उनका मुंह दबाकर उन्हें जबरन कुछ दूरी पर ले गए, जहां लाठी-डंडों और धारदार हथियार से बेरहमी से पिटाई की गई.
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें तुरंत आरा सदर अस्पताल ले गए. हालांकि, डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई.
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम कराया गया
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-टू रंजीत कुमार सिंह और कोईलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली और शव का पोस्टमार्टम कराया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
परिजनों ने पट्टीदारों पर लगाया गंभीर आरोप
मृतक के बेटे ने अपने पट्टीदार रण विजय, अमरजीत सहित अन्य पर आरोप लगाया है कि पूर्व के जमीनी विवाद को लेकर ही उनके पिता की हत्या की गई है. परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया.
परिवार में मचा कोहराम
घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है. उनकी पत्नी आशा देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल बना हुआ है.
बढ़ते जमीनी विवाद और हिंसा पर सवाल
क्षेत्र में लगातार जमीनी विवाद को लेकर हो रही हिंसक घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं. ऐसे मामलों में समय रहते प्रशासनिक हस्तक्षेप और कानूनी समाधान की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके.
Also Read: कैमूर में कानूनी शिविर का आयोजन, लोगों को अधिकारों और मुआवजे की दी गई जानकारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










