आरा में कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को नमन, वॉर मेमोरियल पर पूर्व सैनिकों ने अर्पित किया पुष्पचक्र

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आरा में वॉर मेमोरियल पर एक भावुक श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को नमन किया गया और उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया.
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को जिला सैनिक कार्यालय परिसर स्थित वॉर मेमोरियल में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया.
अधिकारियों व पूर्व सैनिकों ने दी श्रद्धांजलि
समारोह में जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी कैप्टन एस.सी. पांडेय तथा बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष कर्नल राणा प्रताप सिंह सहित पूर्व सैनिकों ने शहीदों की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए.
'वीर जवानों का बलिदान सदैव देगा राष्ट्रसेवा की प्रेरणा'
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि 26 जुलाई 1999 को भारतीय सेना ने कारगिल युद्ध में ऐतिहासिक विजय प्राप्त कर देश का गौरव बढ़ाया था. इसी विजय की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 जुलाई को पूरे देश में कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है.
उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर जवानों का बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा.
देश की सुरक्षा के प्रति समर्पित रहने का लिया संकल्प
कार्यक्रम में भोजपुर सैनिक संघ के पदाधिकारियों, जिला सैनिक कार्यालय के कर्मचारियों तथा पूर्व सैनिकों ने भी शहीदों की प्रतिमा पर पुष्पमालाएं अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
इस दौरान उपस्थित लोगों ने कारगिल के वीर शहीदों के शौर्य को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










