नीट पेपर लीक के विरोध में आरा में कैंडल मार्च, छात्रों ने दिवंगत अभ्यर्थियों को दी श्रद्धांजलि

Updated:
विज्ञापन
नीट पेपर लीक के विरोध में आरा में कैंडल मार्च, दिवंगत छात्रों को दी श्रद्धांजलि

नीट पेपर लीक मामले में छात्रों का आक्रोश रविवार को आरा की सड़कों पर दिखा. छात्रों ने कैंडल मार्च निकालकर दिवंगत अभ्यर्थियों को श्रद्धांजलि दी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

विज्ञापन

नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों में बढ़ते आक्रोश के बीच रविवार की शाम आरा में कैंडल मार्च निकाला गया.

वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से शुरू हुआ मार्च आरा रेलवे स्टेशन परिसर तक पहुंचा, जहां श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर पेपर लीक प्रकरण के कारण जान गंवाने वाले छात्रों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई.

इस दौरान छात्र-युवाओं ने मोमबत्तियां जलाकर दो मिनट का मौन रखा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.

'देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर हमला है पेपर लीक'

सभा को संबोधित करते हुए आइसा भोजपुर के जिलाध्यक्ष विकास कुमार ने कहा कि नीट पेपर लीक केवल एक परीक्षा में हुई अनियमितता नहीं, बल्कि देश की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर हमला है.

उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य संकट में पड़ गया है और मानसिक तनाव के कारण कई छात्रों ने अपनी जान गंवाई है. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने तथा दोषियों को कठोर सजा देने की मांग करते हुए छात्र-युवा आंदोलन को और मजबूत करने का आह्वान किया.

पारदर्शी परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करे सरकार: भीम आर्मी

वहीं, भीम आर्मी भोजपुर के जिलाध्यक्ष ने कहा कि छात्रों के साथ हो रहे अन्याय को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक छात्र का अधिकार है और सरकार की जिम्मेदारी है कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करे.

साथ ही, पेपर लीक से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों पर अविलंब सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की.

न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का लिया संकल्प

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित छात्र-युवाओं ने शिक्षा और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया.

कैंडल मार्च में पिंटु पासवान, नंदलाल पासवान, पप्पू कुमार, विक्की कुमार, गोविंद कुमार, गोल्डन, सुधीर राम, राहुल कुमार, प्रदीप कुमार, विवेक, अभिषेक कुमार सहित सैकड़ों छात्र-युवा शामिल रहे.


विज्ञापन
Ashutosh Pandey

लेखक के बारे में

By Ashutosh Pandey

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन