गैस सिलेंडर लदे ट्रक में आग, लंकागढ़ में मची अफरा-तफरी

गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक में लगी भीषण आग, विस्फोट की आशंका से मची अफरा-तफरी, मौके पर पहुंची दमकल | Prabhat Khabar Network
पश्चिम मेदिनीपुर के दासपुर में गैस सिलेंडर से भरे ट्रक में अचानक आग लग गई. दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और कोई हताहत नहीं हुआ.
पश्चिम मेदिनीपुर जिले के दासपुर थाना क्षेत्र के लंकागढ़ इलाके में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रसोई गैस सिलेंडरों से लदे एक ट्रक के पहिये में अचानक आग लग गयी. देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं. सिलेंडरों से भरे ट्रक में विस्फोट की आशंका के कारण पूरे इलाके में दहशत फैल गयी.
धुआं और आग की लपटें देख ट्रक को रोका गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक सड़क से गुजर रहा था. तभी चालक और स्थानीय लोगों ने वाहन से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं. घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गयी. सूचना मिलते ही दमकल का एक इंजन मौके पर पहुंचा. अग्निशमन कर्मियों ने तेजी से अभियान चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया.
विस्फोट की आशंका में लोगों को दूर भेजा गया
ट्रक में काफी संख्या में गैस सिलेंडर लदे होने के कारण किसी भी समय बड़े विस्फोट की आशंका बनी हुई थी. इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास मौजूद लोगों को घटनास्थल से सुरक्षित जगह पहुंचाया. कुछ समय तक पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. हालांकि, दमकल कर्मियों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
आग लगने के कारणों का पता नहीं
प्राथमिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. आशंका जतायी जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण आग लगी होगी. दमकल विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










