आरा पूर्वी रेलवे गुमटी पर फुट ओवरब्रिज निर्माण में तेजी, हजारों लोगों को सुरक्षित आवागमन की मिलेगी सुविधा

Updated:
विज्ञापन
आरा पूर्वी रेलवे गुमटी पर फुट ओवरब्रिज निर्माण में आई तेजी, उत्तरी हिस्से का काम लगभग पूरा

आरा पूर्वी रेलवे गुमटी पर बहुप्रतीक्षित फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य अब गति पकड़ रहा है. वर्षों की देरी के बाद, उत्तरी हिस्से का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि दक्षिणी हिस्से पर भी काम शुरू हो गया है. इस ओवरब्रिज के पूरा होने से हजारों लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी.

विज्ञापन

आरा शहर के पूर्वी रेलवे गुमटी स्थित बहुप्रतीक्षित फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के निर्माण कार्य में अब तेजी देखने को मिल रही है. रेलवे लाइन क्रॉसिंग और ओवरब्रिज के उत्तरी हिस्से का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जबकि दक्षिणी हिस्से में भी निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है.

बताया जाता है कि यह फुट ओवरब्रिज पिछले करीब 8 से 10 वर्षों से लंबित था. इस संदर्भ में सांसद प्रतिनिधि दिलराज प्रीतम ने बताया कि संदेश प्रखंड के तापा क्षेत्र के 52 गांवों, आरा नगर निगम क्षेत्र के दर्जनों गांवों तथा शहर के बहिरो, अनाईठ, नवादा, मिल रोड समेत कई मोहल्लों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.

इसका असर विद्यार्थियों के पठन-पाठन, स्थानीय व्यवसाय और आम जनजीवन पर भी पड़ रहा था.

लोकसभा और रेलवे समिति की बैठकों में उठाया गया मुद्दा

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2024 में सांसद बनने के बाद सुदामा प्रसाद ने इस लंबित परियोजना को प्राथमिकता देते हुए लोकसभा और रेलवे की स्थायी समिति की बैठकों में कई बार यह मामला उठाया.

इसके अलावा उन्होंने दानापुर मंडल के डीआरएम से भी मुलाकात कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की थी. लगातार प्रयासों के बाद आखिरकार फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो सका.

स्थानीय लोगों ने जल्द कार्य पूरा करने की की मांग

स्थानीय लोगों ने रेल मंत्रालय और रेलवे प्रशासन से मांग की है कि शेष दक्षिणी हिस्से का निर्माण कार्य भी जल्द पूरा कराया जाए, ताकि यह फुट ओवरब्रिज आम जनता के लिए शीघ्र चालू हो सके.

इसके चालू होने से हजारों लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में शिक्षा, व्यापार तथा दैनिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी.

Also Read : सीएम सम्राट चौधरी ने नालंदा डेयरी को दी 26 करोड़ की सौगात, दही-लस्सी प्लांट समेत कई योजनाओं का किया शिलान्यास


विज्ञापन
Ashutosh Pandey

लेखक के बारे में

By Ashutosh Pandey

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन