आरा में तेज रफ्तार टोटो ने तीन लोगों को रौंदा, 4 साल की बच्ची की मौत के बाद सड़क जाम

Updated:
विज्ञापन

सड़क पर उतरे लोग | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

आरा में तेज रफ्तार टोटो ने घर के बाहर खाना खा रहे तीन लोगों को रौंद दिया, जिसमें 4 साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर आगजनी की.

विज्ञापन

आरा शहर के टाउन थाना क्षेत्र के नगर निगम के पास सोमवार की सुबह एक तेज रफ्तार टोटो ने घर के बाहर खाना खा रही सगी बहन समेत तीन लोगों को रौंद दिया. इस भीषण हादसे में छोटी बहन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बड़ी बहन समेत दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए.

विज्ञापन

इस घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चालक टोटो लेकर मौके से फरार हो गया. जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची टाउन थाना क्षेत्र के नगर निगम वार्ड नंबर 10 निवासी घुरफेकन डोम की 4 वर्षीया पुत्री ममता कुमारी है.

जबकि घायलों में मृत बच्ची की बड़ी बहन सोनी कुमारी और उसी मोहल्ले की निवासी साधु राम की पत्नी व मृत बच्ची की मौसी क्रांति देवी शामिल हैं. घायल क्रांति देवी ने बताया कि वह नगर निगम के समीप घर के बाहर खाना बना रही थी और बड़ी बहन सोनी कुमारी के साथ बैठकर खाना खा रही थी, तभी तेज रफ्तार टोटो ने उन्हें चपेट में ले लिया.

सड़क पर शव रखकर आगजनी, दो घंटे तक ठप रहा आवागमन

मासूम बच्ची की मौत के बाद उसके परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित लोगों ने नगर निगम स्थित तीन मुहान के पास शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया.

इस दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा टायर जलाकर आगजनी भी की गई. करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने के कारण मार्ग के तीनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया.

जाम की सूचना मिलते ही आरा सदर सीओ और टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया.

प्रशासनिक आश्वासन के बाद हटा जाम, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

अधिकारियों की ओर से काफी समझाने-बुझाने और आरा सदर सीओ द्वारा पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये का चेक तत्काल प्रदान करने के बाद लोगों ने जाम हटाया.

इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया. हादसे के बाद मृत बच्ची के घर में कोहराम मच गया है और उसकी मां ज्ञानती देवी तथा परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, पुलिस फरार टोटो चालक की तलाश में जुटी हुई है.

Also Read : गया जी में कुकिंग चैलेंज का आयोजन, 30 प्रतिभागियों ने लजीज व्यंजनों से जीता दिल, छाईं महिलाएं


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन