बक्सर स्टेशन पर RPF का भेष, यात्री का अपहरण और फिर हत्या, मोबाइल ऑन होते ही पकड़ा गया आरोपी

Updated:
विज्ञापन

अपराधी रोहित दुबे की तस्वीर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Buxar Kidnapping Murder Case : बक्सर रेलवे स्टेशन से आरपीएफ जवान बनकर रेल यात्री नितिन कुमार का अपहरण कर हत्या कर दी गई. 24 घंटे में शव बरामद हुआ और वाराणसी से आरोपी गिरफ्तार किया गया.

विज्ञापन

Buxar Kidnapping Murder Case : बक्सर रेलवे स्टेशन से एक रेल यात्री के अपहरण और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि अपराधी ने आरपीएफ जवान बनकर यात्री नितिन कुमार का अपहरण किया. इसके बाद आरा के जगजीवन हाल्ट के समीप उसकी हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया. मंगलवार को शव बरामद होने के बाद रेल पुलिस ने जांच तेज की और वाराणसी से आरोपी रोहित दुबे को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है.

विज्ञापन

पहले आरपीएफ का नाम लेकर किया फोन

वैशाली जिले के चांदसराय गांव निवासी मुकेश राय का पुत्र नितिन कुमार हैदराबाद में मजदूरी करता था. वह 19 सितंबर को हैदराबाद-दानापुर स्पेशल ट्रेन से दानापुर के लिए रवाना हुआ था. 20 सितंबर की रात करीब 10 बजे उसने परिजनों को फोन कर बताया कि वह बक्सर पहुंचने वाला है. इसके कुछ देर बाद नितिन ने फिर फोन किया और बताया कि आरपीएफ ने उसे पकड़ लिया है.

10 हजार से शुरू हुई मांग, फिर मांगे 20 हजार

नितिन ने परिजनों से कहा कि उसे छोड़ने के एवज में 10 हजार रुपये मांगे जा रहे हैं. इसके बाद सुबह फिर 20 हजार रुपये की मांग की गई. लेकिन इसके कुछ ही देर बाद नितिन का मोबाइल फोन बंद हो गया. परिजनों की चिंता बढ़ी तो उन्होंने बक्सर रेल पुलिस से संपर्क किया.

24 घंटे में बरामद हुआ शव

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को नितिन की हत्या किए जाने का सुराग मिला. इसके बाद आरा के जगजीवन हाल्ट के समीप रेलवे ट्रैक से उसका शव बरामद किया गया. शव मिलने के बाद अपहरण और हत्या का मामला और गहरा गया.

वाराणसी में छिपा था आरोपी, पुलिस ने बिछाया जाल

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन वाराणसी में मिली. इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की बक्सर, आरा और दिलदारनगर की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह एक होटल की घेराबंदी की. हालांकि आरोपी ने अपना मोबाइल बंद कर दिया था. पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए रही.

मोबाइल ऑन होते ही पुलिस ने दबोचा

काफी देर तक मोबाइल बंद रखने के बाद जैसे ही आरोपी ने उसे ऑन किया, पुलिस को उसकी लोकेशन मिल गई. इसके बाद टीम ने उसे धर दबोचा. गिरफ्तार आरोपी की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बरीसवन गांव निवासी रोहित दुबे के रूप में हुई है.

पूछताछ में हत्या की बात स्वीकारने का दावा

रेल एसपी अनंत कुमार राय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रोहित दुबे ने नितिन की हत्या करने की बात स्वीकार की है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है.

ALSO READ : बक्सर स्टेशन से फर्जी आरपीएफ जवान ने किया यात्री का अपहरण, 24 घंटे में डीडीयू से बरामद

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन