पूर्व CM नीतीश कुमार पहुंचे भोजपुर : बखोरापुर काली मंदिर में पूजा कर मांगी प्रदेश में खुशहाली; बिना संबोधन के लौटे

मंदिर में पुजा अर्चना करते नीतीश कुमार
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भोजपुर के बड़हरा प्रखंड स्थित सिद्धपीठ जय मां काली बखोरापुर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की. उन्होंने प्रदेश में सुख-समृद्धि और शांति की कामना की. पूजा के बाद वे बिना संबोधन के लौट गए.
Nitish Kumar Bhiojpur Daura : भोजपुर में सोमवार सुबह उस समय हलचल तेज हो गई जब बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आगमन हुआ. करीब 11 बजे नीतीश कुमार बड़हरा प्रखंड पहुंचे. यहां उन्होंने प्रसिद्ध सिद्धपीठ जय मां काली बखोरापुर मंदिर में पूरे विधि-विधान से मां काली की विशेष पूजा-अर्चना की. साथ ही प्रदेश में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की.
उनके दौरे को लेकर प्रशासन पहले से ही सतर्क था. पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखा गया. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दौरे से पहले ही केशोपुर से लेकर बखोरापुर मंदिर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. सड़क से लेकर मंदिर परिसर तक जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी.
Arrah News : चप्पे चप्पे पर तैनात पुलिसबल
आने-जाने वाले रस्ते और हर व्यक्ति पर नजर रखी जा रही थी ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो. सुरक्षा की जिम्मेदारी सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह संभाल रहे थे, जबकि बड़हरा थानाध्यक्ष चुनमुन कुमारी भी लगातार मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए रखे थीं.
करीब 15 मिनट तक मंदिर में किया दर्शन
मंदिर के मुख्य संरक्षक सुनील सिंह गोपाल के अनुसार, नीतीश कुमार ने दो दिन पहले ही यहां आने की इच्छा जताई थी. तय कार्यक्रम के तहत वे सोमवार को मंदिर पहुंचे और पूरे विधि-विधान के साथ मां काली की पूजा की. करीब 15 मिनट तक मंदिर परिसर में रहकर उन्होंने शांत भाव से दर्शन किया और राज्य की खुशहाली के लिए प्रार्थना की. इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा का माहौल देखने को मिला.
Nitish Kumar : बिना संबोधन के लौटे, बाहर समर्थकों की भीड़
पूजा-अर्चना समाप्त करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री बिना किसी सार्वजनिक संबोधन के वापस लौट गए. हालांकि मंदिर के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक और स्थानीय लोग उनका इंतजार कर रहे थे. जैसे ही वे बाहर निकले, लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान कुछ समर्थकों ने छोटू सिंह को पार्टी में दोबारा शामिल करने की मांग को लेकर नारेबाजी भी की, जिससे माहौल कुछ देर के लिए राजनीतिक रंग में भी रंगा नजर आया.
जनप्रतिनिधियों की रही सक्रिय मौजूदगी
इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी मौजूद रहे. बड़हरा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा, विधायक राधाचरण सेठ और मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष बीडी सिंह सहित अन्य लोगों की उपस्थिति से कार्यक्रम को खास महत्व मिला. मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ देखी गई, लेकिन प्रशासन की सतर्कता के कारण व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित रही.
प्रशासन की सतर्कता से शांतिपूर्ण रहा कार्यक्रम
पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन ने हर स्थिति पर नजर बनाए रखी. पुलिस बल की सक्रियता और सख्त निगरानी के कारण कहीं भी अफरा-तफरी या अव्यवस्था नहीं देखने को मिली. श्रद्धालुओं को भी दर्शन करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई. सुरक्षा व्यवस्था इतनी कड़ी थी कि पूरे इलाके में अनुशासन साफ तौर पर नजर आया.
इस दौरे के बाद दिनभर भोजपुर में नीतीश कुमार की चर्चा होती रही. एक तरफ जहां लोगों में आस्था का माहौल दिखा, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक हलचल भी साफ नजर आई. हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री ने कोई बयान नहीं दिया, लेकिन उनका यह दौरा कई मायनों में अहम माना जा रहा है. प्रशासनिक सतर्कता और शांतिपूर्ण आयोजन ने यह साफ कर दिया कि ऐसे कार्यक्रमों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार और गंभीर है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संतोष कुमार सिंह
संतोष कुमार सिंह 20 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. प्रिंट, डिजिटल और प्रमुख मीडिया ऐप्स (न्यूज प्लेटफॉर्म्स) पर काम का अनुभव रखने वाले संतोष की राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति की खबरों पर पैनी नजर रहती है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










