जनजातीय क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने को 18 से 25 मई तक चलेगा विशेष अभियान

Published by : MRIGENDRA MANI SINGH Updated At : 16 May 2026 5:54 PM

विज्ञापन

शिविर, जन संवाद, स्वास्थ्य कैंप व जागरूकता कार्यक्रम होंगे आयोजित

विज्ञापन

पीएम-जेएएनएमएन व डीए- जेजीयूए योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर दिया जायेगा जोर

अररिया. जिलाधिकारी विनोद दूहन के निर्देश पर जिला कल्याण कार्यालय सहित संबंधित अन्य विभागों के संयुक्त प्रयास से जिले में जनजातीय समुदायों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने व उन तक इसका लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है. इस संबंध में जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये हैं. यह अभियान 18 मई से 25 मई 2026 तक संचालित किया जायेगा. इस संबंध में जारी पत्र के अनुसार अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिहार पटना के निर्देशानुसार जन भागीदारी–आईईसी के राष्ट्रव्यापी अभियान जन भागीदारी–सबसे दूर, सबसे पहले के तहत यह कार्यक्रम आयोजित होगा. इसका मुख्य उद्देश्य दूरस्थ व जनजातीय बहुल क्षेत्रों में निवास कर रहे लोगों को केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओ , विशेषकर पीएम-जेएएनएमएन व डीए- जेजीयूए से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराना है. अभियान के तहत सूचना, शिक्षा व संचार गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जायेगा. इसके अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा चयनित स्थलों पर शिविर, जन संवाद, स्वास्थ्य जांच, जागरूकता कार्यक्रम व ग्राम भ्रमण जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी. संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

जन समस्याओं के तत्काल समाधान की होगी पहल

जिला स्तर पर 18 मई को अभियान का शुभारंभ किया जायेगा. इसके बाद 19 मई से 25 मई तक चयनित गांवों व पंचायतों में विशेष शिविर लगाए जायेंगे. इन शिविरों में लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण व समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया भी संचालित होगी.

व्यापक पैमाने पर होगा अभियान का प्रचार-प्रसार

अभियान के दौरान हेल्थ कैंप भी आयोजित किये जायेंगे. जहां विशेष रूप से सिकल सेल जांच व स्वास्थ्य संबंधी अन्य सेवाएं उपलब्ध करायी जायेंगी. इसके अलावा पंचायत स्तर पर पदयात्रा, ग्राम सभा व सामुदायिक बैठकों के माध्यम से लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया जायेगा. जिले के पलासी प्रखंड के कई पंचायतों व जनजातीय बहुल गांवों को इस अभियान में शामिल किया गया है. इनमें बलुआ, कुजरी, पकड़ी, नकटाखुर्द, बरहकुम्बा समेत अन्य पंचायतों के गांवों में कार्यक्रम आयोजित होंगे. पंचायत सरकार भवन, सामुदायिक भवन व चिन्हित सार्वजनिक स्थलों पर शिविर आयोजित की जायेगी.

आपसी समन्वय से अभियान को बनायें सफल

जिलाधिकारी ने सभी विभागों से आपसी समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित तिथि व स्थल पर समय से उपस्थित रहकर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभायें. प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से दूरस्थ जनजातीय समुदायों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच मजबूत होगी. स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण व सामाजिक सुरक्षा से संबंधित लाभों का दायरा बढ़ेगा. अभियान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं.

विज्ञापन
MRIGENDRA MANI SINGH

लेखक के बारे में

By MRIGENDRA MANI SINGH

MRIGENDRA MANI SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन