मुख्यमंत्री पद छोड़ा, पर बिहार नहीं, हर हफ्ते तीन बार जदयू कार्यालय पहुंच रहे नीतीश

नीतीश कुमार
Nitish Kumar: राज्यसभा सदस्य बनने के बाद भी नीतीश कुमार का पूरा फोकस बिहार पर बना हुआ है. दिल्ली में आवास मिलने के बावजूद वह पटना लौटकर जदयू दफ्तर, कार्यकर्ताओं, संगठन और जिलों में सक्रिय हैं. उनकी लगातार मौजूदगी बता रही है कि बिहार की राजनीति अब भी उनकी पहली प्राथमिकता है.
Nitish Kumar: पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भले ही अब राज्यसभा सदस्य बनकर दिल्ली पहुंच गए हों, लेकिन उनकी प्राथमिकता अब भी बिहार ही बनी हुई है. मुख्यमंत्री पद छोड़ने और संसद के उच्च सदन में जाने के बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि अब नीतीश कुमार दिल्ली की राजनीति में ज्यादा सक्रिय होंगे और वहीं से अपनी नई भूमिका निभाएंगे. लेकिन अब तक उनके कदम और गतिविधियां साफ बता रही हैं कि उनका पूरा फोकस अभी भी बिहार पर ही है.
दिल्ली में मिला आवास, लेकिन एक दिन भी नहीं गए
राज्यसभा सदस्य बनने के बाद नीतीश कुमार को दिल्ली में सरकारी आवास भी आवंटित हुआ, लेकिन अब तक वह वहां रहने तो दूर, एक दिन के लिए भी नहीं पहुंचे हैं. शपथ ग्रहण करने के अगले ही दिन वह सीधे पटना लौट आए. इसके बाद से उनकी लगातार मौजूदगी बिहार में ही बनी हुई है. इससे यह साफ संकेत मिल रहा है कि राष्ट्रीय राजनीति में नई भूमिका मिलने के बावजूद उनका राजनीतिक केंद्र अब भी बिहार ही है.
जदयू दफ्तर में अचानक पहुंच रहे, कार्यकर्ताओं से सीधे कर रहे संवाद
इन दिनों नीतीश कुमार लगातार पटना स्थित जदयू प्रदेश कार्यालय पहुंच रहे हैं. खास बात यह है कि कई बार वह बिना पूर्व सूचना के पार्टी दफ्तर पहुंच जाते हैं. वहां मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर सीधे बातचीत करते हैं, उनकी समस्याएं सुनते हैं और हालचाल लेते हैं. कार्यकर्ताओं में इसे लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है, क्योंकि लंबे समय बाद उन्हें शीर्ष नेतृत्व से इतनी सीधी बातचीत का मौका मिल रहा है.
अब नियमित रूप से पार्टी दफ्तर आने का दिया संकेत
नीतीश कुमार उस कार्यालय कक्ष में भी बैठ रहे हैं, जिसे पहले उनके लिए तैयार किया गया था. उन्होंने साफ कहा है कि अब वह नियमित रूप से पार्टी दफ्तर आएंगे. बताया जा रहा है कि वह एक सप्ताह में कम से कम तीन बार जदयू कार्यालय पहुंच रहे हैं. जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान भी उनकी सक्रिय मौजूदगी देखी गई है.
संगठन पर खास फोकस, नेताओं और पदाधिकारियों से लगातार बैठक
नीतीश कुमार सिर्फ कार्यकर्ताओं से ही नहीं, बल्कि पार्टी पदाधिकारियों और नेताओं से भी लगातार मुलाकात कर रहे हैं. वह संगठन की स्थिति, जिला स्तर की गतिविधियों और पार्टी विस्तार को लेकर अपडेट ले रहे हैं. साथ ही जरूरी सलाह भी दे रहे हैं. हरियाणा जदयू इकाई के नेताओं से भी उन्होंने पटना कार्यालय में मुलाकात कर कई राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पटना से बाहर जिलों में भी बढ़ेगी सक्रियता
नीतीश कुमार ने अपनी सक्रियता सिर्फ पटना तक सीमित नहीं रखी है. हाल ही में वह सीतामढ़ी पहुंचे और वहां पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद किया. चर्चा है कि आने वाले दिनों में वह दूसरे जिलों का भी दौरा करेंगे. इसके जरिए वह संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं.
सूत्रों के मुताबिक नीतीश कुमार जदयू कोटे के मंत्रियों को भी लगातार यह समझा रहे हैं कि जनता की समस्याओं को लेकर ज्यादा सक्रिय रहें. लोगों के बीच जाएं और सरकार की योजनाओं को जमीन पर प्रभावी बनाएं.
नीतीश कुमार ने संकेत दिया है कि अब वह अपने सात सर्कुलर रोड स्थित आवास पर भी लोगों से मुलाकात करेंगे. यानी आने वाले समय में उनकी राजनीतिक सक्रियता और तेज हो सकती है. इसके साथ ही वह पटना में चल रही समृद्धि योजनाओं और विकास कार्यों का भी बीच-बीच में निरीक्षण कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: बिहार के बीच से गुजरेगा नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, 2028 तक पूरा होगा काम, सिर्फ 6 घंटे में वाराणसी से कोलकाता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Paritosh Shahi
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










