पटना जंक्शन से अगवा बंटी की हत्या कर हाइवे किनारे डाला, बारिश के बाद बालू हटने पर मिला शव

Author Nitish kumar|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन

मृतक बंटी कुमार की फाइल फोटो

Patna Kidnapping Case : पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र से छह जुलाई की रात अपहृत किराना दुकानदार बंटी कुमार का शव अथमलगोला थाना क्षेत्र में एक गड्ढे से बरामद हुआ है. बारिश के बाद बालू हटने पर शव मिलने से सनसनी फैल गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Patna Kidnapping Case : पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र से अपहृत किराना दुकानदार बंटी कुमार की हत्या कर दी गई है. उसका शव अथमलगोला थाना क्षेत्र में हाइवे किनारे एक गड्ढे से बरामद किया गया है. शव सड़-गल चुका था और परिजनों ने कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बारिश के बाद बालू हटने से सामने आया शव

जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने शव को हाइवे किनारे एक गड्ढे में रखकर ऊपर से बालू डाल दी थी. लगातार हुई बारिश के कारण बालू हट गई, जिसके बाद शव दिखाई दिया. सूचना मिलने पर अथमलगोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद किया. अथमलगोला थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों ने शव की पहचान बंटी कुमार के रूप में की है.

छह जुलाई की रात हुआ था अपहरण

बंटी कुमार किराना दुकान चलाते थे. छह जुलाई की देर रात वह पटना जंक्शन के पास स्थित एक दुकान पर दही खरीदने गए थे. इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट करने लगे. इसके बाद आरोपित उन्हें एक काले रंग की स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर ले गए. काफी खोजबीन के बाद भी बंटी का पता नहीं चलने पर परिजनों ने सात जुलाई को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी.

प्रदर्शन कर रहे परिजनों से मिलने प्रशांत किशोर भी पहुंचे थे
प्रदर्शन कर रहे परिजनों से मिलने प्रशांत किशोर भी पहुंचे थे

कई लोगों पर दर्ज हुआ था मामला

परिजनों के बयान के आधार पर कोतवाली थाना में कच्ची दरगाह निवासी ऑटो चालक रोहित और पटना जंक्शन के आसपास रहने वाले रवीश कुमार समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था और पुलिस लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी थी.

परिजनों ने लगाया था गंभीर आरोप

परिजनों का आरोप था कि बंटी कुमार इलाके में कथित तौर पर संचालित सेक्स रैकेट के खिलाफ आवाज उठाते थे. उनका दावा था कि इसी कारण उनका अपहरण किया गया. मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया था. पुलिस अब हत्या के कारणों और इसमें शामिल आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है.

Also Read:पटना में युवक की बरामदगी की मांग पर करबिगहिया में आगजनी, सड़क जाम कर लोगों का हंगामा


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन