सौतन ने युवक संग मिल कर रची हत्या की साजिश

मकई के खेत में 27 अप्रैल को मिला था शव
अररिया. बौसी थाना क्षेत्र में महिला की हत्या मामले में पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर लिया है. मिले साक्ष्य के आधार पर मृतका महिला की सौतन ने ही अपने पति के पड़ोसी दोस्त के साथ मिलकर पति की पहली पत्नी की हत्या कर दी. पुलिस ने 48 घंटे के अंदर कांड का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
मकई के खेत में 27 अप्रैल को मिला था शव
गत 27 अप्रैल की दोपहर करीब 02 बजे बौसी थाना को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र स्थित मकई के खेत में एक महिला का शव पड़ा है. बौसी थानाध्यक्ष कुंदन कुमार तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे व घटनास्थल को सुरक्षित किया. एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए. मृतका की पहचान रूबैसा खातून, पति मो सरवर, निवासी नंदनपुर वार्ड संख्या 09 के रूप में हुई. मामले की गंभीरता को देखते हुए बौसी थाना में कांड संख्या 69/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी. एसपी जितेंद्र कुमार के आदेशानुसार सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में तुरंत विशेष टीम गठित की गयी.
आपसी रंजिश बना हत्या का कारण
पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस व गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की. जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ. हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि मृतका की सौतन दूसरी पत्नी मरजिना खातून (30) ने अपने पड़ोसी युवक मो मीनाज उर्फ मिन्हाज (25) के साथ मिलकर की थी. मिन्हाज मृतका रूबैसा खातून के पति मो सरवर का पड़ोसी दोस्त है. एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि दोनों सौतन के बीच हमेशा किसी बात को लेकर झगड़ा व नोंकझोंक होता रहता था. इन्हीं सभी कारणों से पति मो सरवर अपनी पहली पत्नी रूबैसा खातून को तलाक देना चाहता था. इन बातों का फायदा उठाते हुए दूसरी पत्नी मरजीना खातून ने अपने पड़ोस के एक युवक मिन्हाज के साथ मिलकर पूरी प्लानिंग के साथ सौतन की हत्या कर दी व मृतका का मोबाइल छुपा दिया. एसडीपीओ ने बताया कि साक्ष्य संकलन के दौरान टेक्निकल टीम को एक अहम सुराग हाथ लगा. दोनों आरोपी के बीच हत्या से पूर्व 02 से 03 घंटे लगातार बात होती रही थी. जिसके बाद पुलिस का शक दोनों आरोपी पर यकीन में बदल गया. साथ ही आरोपी से कड़ी पूछताछ के बाद उनके निशानदेही पर मृतका का मोबाइल भी पुलिस ने बरामद कर लिया. गिरफ्तार दोनों आरोपी में बौसी थाना क्षेत्र के नंदनपुर वार्ड संख्या 09 निवासी मरजिना खातून (मृतका की सौतन) पति मो सरवर व मो मीनाज उर्फ मिन्हाज पिता इसराफिल शामिल है.
मोबाइल बना अहम सुराग
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतका रूबैसा खातून का मोबाइल बरामद किया. साथ ही आरोपियों के पास से 03 अन्य मोबाइल भी बरामद किया गया है. पुलिस कॉल डिटेल व चैट के आधार पर साजिश की परतें खोल रही है. फिलहाल पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार व मकसद से जुड़े अन्य सबूत जुटा रही है. प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से उत्पन्न झगड़े से जुड़ा बताया जा रहा है. दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है. कांड के खुलासे में बौसी थानाध्यक्ष कुंदन कुमार, अपर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, प्रशिक्षु पुअनि सुदर्शन शर्मा व डीआईयू टीम की अहम भूमिका रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










