जोगबनी में 'नया सवेरा 3.0' अभियान के तहत चलाया गया जागरूकता अभियान

जागरूकता अभियान के दौरान पुलिसकर्मी व संस्था के लोग. | Prabhat Khabar Network
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर 'नया सवेरा 3.0' अभियान के तहत जोगबनी में बाल श्रम, मानव तस्करी, बाल विवाह और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया. संयुक्त टीम ने हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और बाल श्रम के खिलाफ होटलों में जांच भी की.
अररिया : अपर पुलिस महानिदेशक, बिहार, पटना के निर्देश पर 'नया सवेरा 3.0' अभियान के तहत जागरण कल्याण भारती फारबिसगंज, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन कटिहार और रेल जिला पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में भारत-नेपाल सीमा से सटे जोगबनी रेल क्षेत्र के बाजार में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व रेल थाना जोगबनी के थानाध्यक्ष जितनारायण हेम्ब्रम ने किया.
अभियान के दौरान लोगों को बाल श्रम, बाल एवं मानव तस्करी, बाल विवाह तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया. टीम ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और बाजार क्षेत्र में लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी बाल श्रम, बाल तस्करी, मानव तस्करी या बाल विवाह जैसी घटनाएं दिखाई दें तो इसकी तत्काल सूचना हेल्पलाइन नंबर 1098, 181 या 112 पर दें. अधिकारियों ने बताया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी.
अभियान के तहत रेल थाना पुलिस ने स्टेशन रोड स्थित 10 से अधिक होटलों में जांच अभियान भी चलाया. इस दौरान होटल संचालकों को बाल मजदूरी निषेध कानून की जानकारी दी गई और बाल श्रमिक नहीं रखने की हिदायत दी गई. पुलिस ने स्पष्ट किया कि बाल मजदूरी कराने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
जागरूकता अभियान में जागरण कल्याण भारती, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के प्रतिनिधियों के साथ रेल पुलिस के जवान भी शामिल रहे. संयुक्त टीम ने पंपलेट वितरित कर लोगों को उनके अधिकारों और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुदीप भारती
सुदीप भारती प्रिंट माध्यम में 12 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिकटी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










