अररिया की ब्यूटी कुमारी ने पहले प्रयास में जेईई मेन में पाई सफलता

Updated:
विज्ञापन
फोटो-2-ब्यूटी कुमारी | Prabhat Khabar Network

ब्यूटी कुमारी | Prabhat Khabar Network

अररिया के छतिओना गांव की ब्यूटी कुमारी ने JEE Main 2026 में 94.74%ाइल प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है. उन्होंने JEE Advanced के लिए भी क्वालिफाई किया है. उनकी सफलता ग्रामीण बेटियों के लिए प्रेरणा बनी है.

विज्ञापन

अररिया : रानीगंज प्रखंड के छतिओना गांव की होनहार छात्रा ब्यूटी कुमारी ने पहले ही प्रयास में जेईई मेन 2026 परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है. उन्होंने 94.7428057 एनटीए परसेंटाइल प्राप्त किया है. इस सफलता के साथ ही वे जेईई एडवांस्ड 2026 के लिए भी पात्र घोषित हुई हैं.

जारी स्कोरकार्ड के अनुसार ब्यूटी की कॉमन रैंक 82,407 तथा ओबीसी-एनसीएल श्रेणी में रैंक 26,341 रही है. ग्रामीण परिवेश से आने वाली ब्यूटी की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है.

ब्यूटी के पिता विश्वनाथ मंडल ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और अनुशासित रही है. उन्होंने कहा कि यह सफलता ब्यूटी की मेहनत और पूरे परिवार के सहयोग का परिणाम है. ब्यूटी का सपना भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर देश की सेवा करना है.

ब्यूटी की सफलता से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है. उनके दादा मायानंद मंडल ने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं और प्रत्येक परिवार को अपनी बेटियों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए.

शिक्षाविदों ने भी ब्यूटी की उपलब्धि को ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायी बताया. उनका कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है.

ब्यूटी को बधाई देने वालों में मदन मंडल, शिवनाथ मंडल, विजय कुमार मंडल, श्रीलाल मंडल, विनोद कुमार मंडल, देवन मंडल सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे.


विज्ञापन
प्रफुल्ल भारती

लेखक के बारे में

By प्रफुल्ल भारती

प्रफुल्ल भारती प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन