जलपाईगुड़ी में तैनात फौजी ही था पत्नी का कातिल, हत्या कर नहर में फेंका शव, अब एटा पुलिस के सामने कबूला जुर्म

सांकेतिक तस्वीर
UP News: उत्तर प्रदेश के एटा में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सेना के जवान पर अपनी पत्नी की हत्या का आरोप लगा है. कैंटीन ले जाने के बहाने से उसने पत्नी को कार में गला दबाकर मार डाला और शव को नहर में फेंक दिया. पुलिस ने उसे पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है.
उत्तर प्रदेश के एटा जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. सेना के एक जवान पर अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या करने और शव को आगरा रोड स्थित हजारा नहर में फेंकने का आरोप है. वारदात के बाद आरोपी पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित अपनी ड्यूटी पर लौट गया. पुलिस ने सेना के सहयोग से उसे गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर एटा लाया है. पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करने का दावा किया है, जबकि मृतका का शव अभी तक बरामद नहीं हो सका है.
कैंटीन ले जाने का बहाना बनाकर घर से निकाला
पुलिस के अनुसार, आरोपी फौजी रमाकांत की पत्नी सोनी अपने बच्चों के साथ एटा शहर के कोतवाली नगर क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थी. छह जुलाई को रमाकांत ने पत्नी को आगरा स्थित सेना की कैंटीन से सामान दिलाने का बहाना बनाया और कार से अपने साथ ले गया. इस दौरान उसके साथ गांव का रहने वाला अजय भी मौजूद था. इसके बाद सोनी वापस घर नहीं लौटी.
मायके वालों ने जताई हत्या की आशंका
पत्नी के घर नहीं लौटने पर उसकी मां सरोज देवी ने पति रमाकांत और उसके परिजनों के खिलाफ हत्या की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची.
जांच में खुला हत्या का पूरा राज
एएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि जांच में सामने आया कि रमाकांत ने अपने दोस्त के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की. रास्ते में पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर कार के अंदर गला दबाकर उसकी जान ले ली. इसके बाद शव को आगरा रोड स्थित हजारा नहर में फेंक दिया गया.
हत्या के बाद पहुंचा जलपाईगुड़ी
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी कुछ दिनों तक इधर-उधर छिपता रहा. पहले वह पठानकोट गया और बाद में पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी पहुंचकर सेना में अपनी ड्यूटी ज्वाइन कर ली. न्यायालय से वारंट जारी होने के बाद एटा पुलिस की टीम सेना के अधिकारियों के सहयोग से जलपाईगुड़ी के माल बाजार पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
कार से मिली टूटी चूड़ियां बनीं अहम सबूत
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की कार से सोनी की टूटी हुई चूड़ियां बरामद हुई हैं. पुलिस का मानना है कि हत्या से पहले सोनी ने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की थी और संघर्ष के दौरान उसकी चूड़ियां टूट गईं. इन्हें मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है.
शव की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस आरोपी की निशानदेही पर हजारा नहर में लगातार शव की तलाश कर रही है. हालांकि समाचार लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका था. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पति-पत्नी के बीच लंबे समय से था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. पुलिस का मानना है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने पत्नी की हत्या की साजिश रची और कैंटीन ले जाने के बहाने उसे घर से बाहर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके साथी की भूमिका की भी जांच कर रही है.
Input: Ravi Ranjan Kumar
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By राधेश्याम कुशवाहा
राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










