मेरठ में रिश्वतखोर कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, खेत की पैमाइश के नाम पर मांग रहा था 30 हजार
मेरठ में रिश्वतखोर कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के मेरठ में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है. सदर तहसील के कानूनगो धर्मपाल सिंह को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. यह गिरफ्तारी खेत की पैमाइश के नाम पर रिश्वत मांगने के आरोप में की गई.
UP Crime News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने सदर तहसील में तैनात कानूनगो धर्मपाल सिंह को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोप है कि कानूनगो ने एक काम कराने के एवज में रिश्वत की मांग की थी. शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने कथित तौर पर 30 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया. कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
खेत की पैमाइश के नाम पर मांग रहा था रिश्वत
आरोपी धर्मपाल सिंह तहसील सदर में कानूनगो के पद पर तैनात है. बताया जा रहा है कि वह मंडली थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव निवासी दलसिंह से उनके खेत की पैमाइश कराने के नाम पर कई दिनों से रिश्वत की मांग कर रहा था.
तीन दिन पहले की थी शिकायत
परेशान होकर दलसिंह ने करीब तीन दिन पहले एंटी करप्शन टीम से संपर्क कर कानूनगो द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत की थी. शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की जांच की और आरोपी को ट्रैप करने की योजना बनाई.
तहसील परिसर में ही दबोचा
योजना के तहत बुधवार को दलसिंह 30 हजार रुपये लेकर कानूनगो के कार्यालय पहुंचा. जैसे ही धर्मपाल सिंह ने रकम हाथ में ली, पहले से घात लगाए बैठी एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया. कार्रवाई से सदर तहसील परिसर में हड़कंप मच गया. टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया और उसके बाद दिल्ली गेट थाने ले गई. एंटी करप्शन टीम द्वारा आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है और रिश्वत से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: शादी के लिए बदलवा लिया जेंडर, फिर 4 लाख रुपये और बुलेट भी दिया, आगरा में प्रेमी और पत्नी पर FIR
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए