योगी सरकार दिव्यांगजनों को देगी तोहफा, यूपी के सभी 75 जिलों में लगेंगे सहायक उपकरण और कृत्रिम अंग वितरण शिविर
बलिया से योगी का सियासी संदेश
उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने जा रही है. प्रदेश के सभी 75 जिलों में चरणबद्ध तरीके से वितरण शिविर आयोजित किए जाएंगे. जानिए कब और कहाँ लगेगा आपके जिले में शिविर.
UP News: उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने जा रही है. वित्तीय वर्ष 2026-27 में पात्र दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार गुणवत्तापूर्ण उपकरण उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों में चरणबद्ध तरीके से वितरण शिविर आयोजित किए जाएंगे. इसके लिए दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने जिला स्तर पर तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए हैं.
17 सितंबर से पहले चरण की शुरुआत
पहले चरण में प्रदेश के 75 जिलों को दो समूहों में बांटा गया है. 17 सितंबर 2026 को 41 जिलों में वितरण शिविर आयोजित किए जाएंगे. इसके बाद 2 अक्टूबर 2026 को 34 जिलों में शिविर लगाए जाएंगे. विभाग ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिविरों के आयोजन की कार्ययोजना तैयार कर समय से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
17 सितंबर को इन जिलों में लगेंगे शिविर
17 सितंबर को आगरा, अलीगढ़, एटा, अयोध्या, सुलतानपुर, आजमगढ़, बरेली, बदायूं, बांदा, देवरिया, कुशीनगर, गोंडा, झांसी, कानपुर नगर, उन्नाव, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, जौनपुर, गोरखपुर, कन्नौज, प्रयागराज, शामली, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, फतेहपुर, प्रतापगढ़, संतकबीर नगर, बिजनौर, इटावा, हापुड़, ललितपुर, मथुरा, रामपुर, सीतापुर, कौशाम्बी, हरदोई और बुलंदशहर में वितरण शिविर आयोजित किए जाएंगे.
2 अक्टूबर को 34 जिलों में आयोजन
दूसरे समूह के जिलों में 2 अक्टूबर 2026 को शिविर लगाए जाएंगे. इनमें लखनऊ, गौतमबुद्धनगर, चंदौली, बलरामपुर, चित्रकूट, अंबेडकर नगर, अमरोहा, फिरोजाबाद, जालौन, कानपुर देहात, खीरी, महाराजगंज, मऊ, पीलीभीत, रायबरेली, संभल, शाहजहांपुर, सोनभद्र, अमेठी, औरैया, बागपत, बाराबंकी, भदोही, फर्रुखाबाद, गाजियाबाद, हमीरपुर, हाथरस, कासगंज, महोबा, मुजफ्फरनगर, बहराइच, बलिया, बस्ती और मैनपुरी शामिल हैं.
अक्टूबर से नवंबर तक दूसरा चरण
पहले चरण के बाद भी उपकरण वितरण का अभियान जारी रहेगा. विभाग के कार्यक्रम के अनुसार द्वितीय चरण 20 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक चलेगा. इस दौरान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश के विभिन्न जिलों में शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाया जा सके.
दिसंबर में होगा तीसरा चरण
दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने का तृतीय चरण 3 दिसंबर से 15 दिसंबर 2026 तक निर्धारित किया गया है. इस चरण में भी प्रदेश के सभी जिलों में तय कार्यक्रम के अनुसार वितरण शिविर आयोजित किए जाएंगे. विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों को योजना से जोड़ना है.
जरूरत के हिसाब से मिलेंगे उपकरण
वितरण शिविरों में पात्र दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण और कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा. इन उपकरणों का उद्देश्य दिव्यांगजनों की दैनिक गतिविधियों को आसान बनाना, उनकी गतिशीलता और कार्यक्षमता बढ़ाना तथा उन्हें अधिक आत्मनिर्भर बनाने में मदद करना है.
अधिकारियों को दिए गए निर्देश
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने सभी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारियों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार शिविरों के सफल आयोजन के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों से शिविरों की तैयारियां समय पर पूरी करने और पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ प्रभावी तरीके से पहुंचाने को कहा गया है.
आत्मनिर्भरता बढ़ाना सरकार का लक्ष्य
राज्य सरकार के अनुसार दिव्यांगजनों के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए विभिन्न योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं. सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग वितरण योजना भी इसी पहल का हिस्सा है. सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ पात्र दिव्यांगजनों तक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है, जिससे वे अपनी दैनिक जरूरतों को अधिक आसानी से पूरा कर सकें और समाज की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदारी निभा सकें. -पवन तोमर की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें: मेरठ में रिश्वतखोर कानूनगो रंगे हाथ गिरफ्तार, खेत की पैमाइश के नाम पर मांग रहा था 30 हजार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए