मीरगंज में परमान नदी का तटबंध जर्जर, ग्रामीणों ने जताई बाढ़ की आशंका
टूटा तटबंध. | Prabhat Khabar Network
अररिया के मीरगंज में परमान नदी का तटबंध कई जगहों से जर्जर हो गया है. मानसून की शुरुआत के साथ ही ग्रामीणों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है. तटबंध की तत्काल मरम्मत की मांग की जा रही है.
अररिया : मानसून की शुरुआत के बावजूद जोगबनी नगर परिषद क्षेत्र के मीरगंज स्थित परमान नदी के तटबंध की अब तक मरम्मत नहीं होने से स्थानीय ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है. तटबंध के कई स्थानों पर क्षति होने के कारण लोगों ने बाढ़ के खतरे की आशंका जताते हुए शीघ्र मरम्मत की मांग की है.
ग्रामीणों के अनुसार वार्ड संख्या-23 के मीरगंज टिहली टोला के पश्चिम स्थित परमान नदी का तटबंध दो से तीन स्थानों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. लगातार बारिश के कारण रेन कट से तटबंध में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. वहीं, भारी वाहनों और ट्रैक्टरों के लगातार आवागमन से तटबंध की मिट्टी धंस रही है, जिससे इसकी स्थिति और जर्जर होती जा रही है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते तटबंध की मरम्मत नहीं कराई गई और परमान नदी में जलस्तर बढ़ने के साथ तेज बहाव आया, तो तटबंध टूट सकता है. ऐसी स्थिति में आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न हो जाएगा. ग्रामीणों ने प्रशासन और जल संसाधन विभाग से मानसून के प्रभाव बढ़ने से पहले तटबंध की तत्काल मरम्मत और मजबूतीकरण कराने की मांग की है.
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले जिलाधिकारी ने मीरगंज पहुंचकर परमान नदी और तटबंध का निरीक्षण किया था. इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए थे. लोगों को उम्मीद है कि जिला प्रशासन के निर्देश के बाद विभाग जल्द ही तटबंध की मरम्मत का कार्य शुरू करेगा, ताकि संभावित बाढ़ के खतरे को टाला जा सके.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए