तीन पीडीएस दुकानदारों का लाइसेंस रद्द
Published by : MRIGENDRA MANI SINGH Updated At : 22 Apr 2026 8:00 PM
जांच पदाधिकारी ने गड़बड़ी की आशंका जतायी
अररिया. जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के पीडीएस दुकानों की जांच के लिए संचालित विशेष अभियान में जांच के क्रम में 06 पीडीएस दुकानों के संचालन से जुड़ी त्रुटियां पायी गयी. इसमें तीन का लाइसेंस रद्द करने की कारवाई की गयी है. वहीं तीन पीडीएस दुकानदारों से स्पष्टीकरण की मांग की है. जानकारी अनुसार अररिया प्रखंड अंतर्गत झमटा स्थित पीडीएस दुकानदार अब्दुल बारी के पीडीएस दुकान की जांच के दौरान गोदाम नहीं खोला गया. इस पर जांच पदाधिकारी ने गड़बड़ी की आशंका जतायी. उनके विरुद्ध अनुज्ञप्ति रद्द करने की कार्रवाई की जा रही है. वहीं झमटा पंचायत के ही विक्रेता रामानंद रजक की दुकान बंद पाई गयी. जांच में बताया गया कि उनके परिवार में मृत्यु होने के कारण दुकान बंद थी. इस मामले में उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है. प्रखंड अररिया की ही विक्रेता सुनिता कुमारी के बारे में निरीक्षण पदाधिकारी ने रिपोर्ट दी कि वे पिछले 6 माह से राशन वितरण नहीं कर रही हैं. उनके विरुद्ध भी अनुज्ञप्ति रद्द करने की कार्रवाई की जा रही है. इसी तरह चंद्रदेई पंचायत के विक्रेता हेमंत कुमार ने जांच के दौरान चाभी का बहाना बनाकर गोदाम नहीं खोला. प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उनके लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की गयी है. वहीं कुर्साकांटा के हरीरा पंचायत में ओमनाथ पासवान व लाल पासवान की दुकानें भी जांच के दौरान बंद पायी गयी. दोनों दुकानदारों से स्पष्टीकरण की मांग की गयी है.
अस्पतालों से गायब मिले कर्मी, पांच का वेतन स्थगित, पूछा स्पष्टीकरण
अररिया. डीएम के निर्देश पर जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया. जांच अधिकारियों ने जिला प्रशासन को सौंपे गये जांच प्रतिवेदन के आधार पर जांच के क्रम में अनुपस्थित पाये गये कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछते हुए संबंधित कर्मियों का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया है. निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतगंज व अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज में डॉ आशुतोष कुमार व डॉ अर्चना प्रसाद अनुपस्थित पाये गये. वहीं नरपतगंज में स्टाफ नर्स चंदन कुमार व रोहित सिंह भी अनुपस्थित पाये गये. संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण की मांग की गयी है. उनके वेतन पर भी रोक का आदेश दिया गया है. जिले के पलासी, भरगामा, नरपतगंज, कुर्साकांटा सहित फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल व रानीगंज रेफरल अस्पताल में टायफाइड किट उपलब्ध नहीं पायी गयी. इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है. जोकिहाट व कुर्साकांटा के स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को मिलने वाली भोजन सुविधा बंद पायी गयी. संबंधित एजेंसी से जवाब-तलब करते हुए शीघ्र भोजन सेवा बहाल करने का आदेश दिया गया है. सिकटी, भरगामा व नरपतगंज में सिटिजन चार्टर प्रदर्शित नहीं पाया गया. इस पर चेतावनी देते हुए तत्काल सिटिजन चार्टर प्रदर्शित करने के निर्देश दिया गया. फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल में दिन के रंग के अनुरूप बेडशीट उपलब्ध नहीं थी. प्रभारी उपाधीक्षक व अस्पताल प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगते हुए निर्धारित मानक के अनुसार बेडशीट बदलने का निर्देश दिया गया. भरगामा व जोकीहाट में सेवाकाल लाभ से संबंधित दो मामले लंबित पाये गये. इनमें से एक मामला प्रक्रियाधीन है. जबकि दो मामलों को सिविल सर्जन के पास भेजा गया है. सिविल सर्जन को इन मामलों की समीक्षा कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. सिकटी, पलासी व कुर्साकांटा में सेमी ओटो एनालाइजर शून्य पाया गया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से जवाब-तलब करते हुए जांच सुविधा सुचारू रूप से शुरू करने का निर्देश दिया गया. भरगामा स्वास्थ्य केंद्र में बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली के तहत डॉक्टर, सीएचओ व एएनएम की उपस्थिति दर्ज नहीं की जा रही थी. इस पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से स्पष्टीकरण पूछते हुए वेतन भुगतान को बायोमेट्रिक उपस्थिति से जोड़ने का निर्देश दिया गया. सदर अस्पताल में स्टाफ नर्स सुप्रिया कुमारी अनुपस्थित पायी गयी. उनसे स्पष्टीकरण मांगते हुए उनका वेतन स्थगित करने का आदेश दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










