एनएच-एसएच पर चला अभियान, एक दर्जन ई-रिक्शा जब्त

Published by : PRAPHULL BHARTI Updated At : 21 Jan 2026 12:21 AM

विज्ञापन

परिवहन विभाग ने जारी किया है आदेश, नेशनल हाइवे व स्टेट हाइवे पर ई-रिक्शा का नहीं होगा परिचालन

विज्ञापन

अभियान शुरू होते ही हाइवे पर यातायात व्यवस्था में दिखा सुधार, लोग भी खुश दिखे

जोकीहाट. परिवहन विभाग के हालिया आदेश में कहा है कि नेशनल हाइवे व स्टेट हाइवे पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं व जाम की समस्या को देखते हुए ई-रिक्शा का परिचालन नहीं होगा. मंगलवार को इसका असर जोकीहाट में असर देखा गया. प्रशासनिक निर्देश पर जोकीहाट पुलिस ने ई-रिक्शा के परिचालन पर कार्रवाई शुरू कर दी है. जोकीहाट नगर पंचायत क्षेत्र में नेशनल हाईवे 327 ई पर विशेष जांच अभियान चलाकर लगभग एक दर्जन ई-रिक्शा को पुलिस ने जब्त किया. इस कार्रवाई से ई-रिक्शा चालकों में हड़कंप मच गया है.

ई-रिक्शा वाहन दुर्घटना व सड़क जाम का बनते हैं कारण

थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि परिवहन विभाग के निर्देशानुसार नेशनल हाइवे व स्टेट हाइवे पर ई-रिक्शा के परिचालन पर पूर्ण रोक लगायी गयी है. उन्होंने कहा कि हाइवे पर वाहनों की गति सीमा अधिक होती है. जबकि ई-रिक्शा की रफ्तार कम रहती है. ऐसे में ई-रिक्शा वाहन दुर्घटनाओं व सड़क जाम का बड़ा कारण बनते हैं और हाइवे पर वाहनों की रफ़्तार को भी प्रभावित करते हैं. इसके अलावा अधिकांश ई-रिक्शा चालकों के पास न तो ड्राइविंग लाइसेंस होता है व न हीं ट्रैफिक नियमों की समुचित जानकारी होती है. तीन महीने पहले कॉलेज चौक चौराहे पर पर लापरवाही के कारण ई-रिक्शा चालक ट्रक के नीचे आ गया था. इससे चालक की जान चली गयी थी. आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था. परिणामस्वरूप थाने में एफआइआर दर्ज हुई थी.

परिवहन विभाग के ताजा निर्देश के अनुसार पुलिस सख्त नजर आयी. पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कई ई-रिक्शा बिना रजिस्ट्रेशन व वैध कागजात के ही सड़कों पर दौड़ रहे हैं. ऐसे वाहनों को तत्काल जब्त कर लिया गया. वहीं नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई भी की गयी. पुलिस प्रशासन ने हाइवे से सटे सीमावर्ती इलाकों में भी निगरानी बढ़ा दी है, ताकि कोई भी ई-रिक्शा चोरी-छिपे प्रवेश न कर सके.

अभियान आगे भी रहेगा जारी

थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा ने बताया कि सभी थानों को निर्देश दिया गया है कि एनएच व एसएच पर ई-रिक्शा का परिचालन किसी भी हाल में न होने दिया जाये. यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. उन्होंने ई-रिक्शा चालकों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित मार्गों पर ही वाहन चलाएं व यातायात नियमों का पालन करें, अन्यथा जब्ती व जुर्माने की कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस-प्रशासन का कहना है कि इस कदम का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना व हाइवे पर यातायात को सुचारु बनाए रखना है. अभियान शुरू होते ही हाइवे पर यातायात व्यवस्था में सुधार भी देखने को मिला, जिससे लोग खुश दिखे.

.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
PRAPHULL BHARTI

लेखक के बारे में

By PRAPHULL BHARTI

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन