पोसदाहा में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी झड़प व आगजनी, एक दर्जन लोग गंभीर रूप से जख्मी

Published by : MRIGENDRA MANI SINGH Updated At : 31 May 2026 7:20 PM

विज्ञापन

सुलग उठा वर्षों पुराना विवाद, लाठी-डंडों से हमला व घर में लगायी आग

विज्ञापन

दो घर जले, हजारों की क्षति

नरपतगंज. नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के पोसदाहा पंचायत के वार्ड संख्या 12 पुलहा गांव में शनिवार की देर शाम भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गयी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उपद्रवियों ने आगजनी की घटना को अंजाम दे दिया. जिससे इलाके में अफरा-तफरी व दहशत का माहौल कायम हो गया. इस हिंसक संघर्ष में दोनों पक्षों से लगभग दर्जन भर लोग लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सूचना मिलते ही नरपतगंज थाना पुलिस और अग्निशमन (फायर ब्रिगेड) की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया.

सुलग उठा वर्षों पुराना विवाद, लाठी-डंडों से हमला व घर में लगायी आग

इस हिंसक वारदात व उसके बाद हुई तबाही का विस्तृत विवरण निम्नलिखित बिंदुओं के माध्यम से सामने आया है: जानकारी के अनुसार, गांव के ही मोजिब, पिता- गफूर व मैहुद्दीन, पिता स्व शहादत के बीच पिछले कई वर्षों से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है. इसी रंजिश को लेकर शनिवार की देर शाम दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए व उनके बीच हिंसक झड़प शुरू हो गयी.

आगजनी में दो घर हुए नष्ट

मारपीट के दौरान ही उपद्रवियों द्वारा आगजनी की गई, जिसमें दो घर धू-धू कर जल गए और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया. घटना के बाद चीख-पुकार मच गयी. सूचना मिलने पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया.

पुलिस ने संभाला

मोर्चा

नरपतगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर उपद्रवियों को खदेड़ा और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में लिया. पुलिस बल के सहयोग से सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतगंज में भर्ती कराया गया. दोनों पक्षों 08 लोग घायल हो गये. घायलों में प्रथम पक्ष के मो आंशेर पिता मेहुद्दीन, समीना खातून पिता मेंहद्दीन, मैहुद्दीन पिता स्व शहादत, जैनब पिता स्व शहादत व द्वितीय पक्ष से मो शादाब पिता मोजिम, मो जमाल पिता मोजिब, अनीशा खातून पति जाबुल, सुदिया खातून पति मोजिब है.

दोनों पक्षों ने थाने में दिया आवेदन

पुलहा गांव में हुई इस हिंसक वारदात के बाद दोनों पक्षों के द्वारा एक-दूसरे पर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने, मारपीट करने के साथ-साथ घर में आग लगाने का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में लिखित आवेदन दिया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए नरपतगंज के थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि भूमि विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट और आगजनी की घटना हुई है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कानून-व्यवस्था को संभाल लिया है और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह शांत है. दोनों पक्षों से प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, तथा दोषियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जायेगा.

विज्ञापन
MRIGENDRA MANI SINGH

लेखक के बारे में

By MRIGENDRA MANI SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन