"140 पर ही ढेर हो जाते, लेकिन…" श्रेयस अय्यर ने बताया कहां चूक गई भारतीय टीम, गेंदबाजों पर दिया बड़ा बयान
पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन के दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर
Shreyas Iyer Statement: श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत पहला टी-20 मैच आयरलैंड से हार गया. मुकाबले के बाद अय्यर ने टीम को नसीहत देते हुए कहा कि पुरानी गलतियों को पीछे छोड़कर अब आगे बढ़ने की जरूरत है.
Shreyas Iyer Statement: बतौर भारतीय टी-20 कप्तान श्रेयस अय्यर का पहला ही मैच किसी बुरे सपने जैसा रहा. आयरलैंड ने पहले खेलते हुए 182/9 रन बनाए, जिसके जवाब में टीम इंडिया सिर्फ 148 रनों पर ऑलआउट हो गई. यह टी-20 इतिहास में भारत के खिलाफ आयरलैंड की पहली जीत है. कप्तान अय्यर ने कहा कि इस हार से हमें बड़ी सीख मिली है और हम मजबूती से वापसी करेंगे.
आयरलैंड से हार के बाद बोले कप्तान श्रेयस अय्यर
मैच के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने गेंदबाजी और रणनीतिक चूक पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा- “शुरुआत में हमारे गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्हें पिच से स्विंग और सीम मिल रही थी, जिसका फायदा उठाकर उन्होंने विकेट भी चटकाए. लेकिन बाद में हमने बल्लेबाजों को सीधे मैदान के बीच में शॉट खेलने का मौका दे दिया, जबकि हम जानते थे कि वहां की बाउंड्री छोटी है.” अय्यर ने आगे कहा कि जिस तरह की शुरुआत टीम को मिली थी, उस हिसाब से आयरलैंड को 140 रनों के आसपास रोका जाना चाहिए था, जो कि एक आदर्श लक्ष्य होता. कप्तान के तौर पर अपने सफर को लेकर उन्होंने कहा- “बतौर कप्तान यह एक अच्छा अनुभव रहा. जो हो गया, उसे पीछे छोड़कर आगे बढ़ना होगा. इस मैच से हमें बहुत कुछ सीखने को मिला है, और हम अगले मुकाबले में पूरी ताकत व नए जोश के साथ वापसी करेंगे.”
गेंदबाजों के प्रदर्शन पर बोले कप्तान श्रेयस अय्यर
मैच में भले ही भारत को हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन हर्षित राणा (4 ओवर, 24 रन, 3 विकेट) और शिवम दुबे (3 ओवर, 18 रन, 1 विकेट) के प्रदर्शन ने कप्तान श्रेयस अय्यर का दिल जीत लिया. इन दोनों की तारीफ करते हुए कप्तान ने कहा- “निश्चित रूप से दोनों ने बेहतरीन खेल दिखाया. शुरुआत में उन्हें नई गेंद से अच्छी मदद मिल रही थी. शिवम ने पहले भी टीम के लिए कई महत्वपूर्ण ओवर फेंके हैं, इसलिए मुझे हमेशा उन पर पूरा भरोसा रहता है. मैंने उनके साथ घरेलू क्रिकेट भी खेला है, जिसकी वजह से मैं उनकी ताकत और कमजोरियों को बहुत करीब से जानता हूं.” चोट से वापसी करने वाले हर्षित राणा की सराहना करते हुए अय्यर ने कहा कि हर्षित ने कमाल की गेंदबाजी की. इंजरी के बाद वापसी करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसा प्रदर्शन करना और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाना वास्तव में काबिलेतारीफ है.
टीम को कप्तान श्रेयस अय्यर की दोटूक नसीहत
आयरलैंड के खिलाफ मिली हार के बाद नव-नियुक्त कप्तान श्रेयस अय्यर ने खिलाड़ियों को कड़ा संदेश दिया है. अय्यर ने कहा कि किसी भी खेल या टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता. उन्होंने साफ किया कि जीत सिर्फ मैदान पर उतरने से नहीं, बल्कि हर पल खेल में पूरी तरह मौजूद रहकर लगातार मेहनत करने से मिलती है. इसलिए टीम को अब सिर्फ और सिर्फ वर्तमान पर फोकस करना होगा.
इसे भी पढ़े- वैभव सूर्यवंशी को नहीं खिलाना पड़ा भारी! भारत की हार के बाद फैंस ने टीम मैनेजमेंट को घेरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ritu Raj
प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










