IND vs SL Test: टीम में शामिल होकर भी बाहर बैठ सकते हैं ये 4 खिलाड़ी, जानिए क्यों
4 भारतीय खिलाड़ी हो सकते है बाहर (एक्स)
भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले जानिए किन 4 भारतीय खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ सकता है और इसके पीछे की वजह.
IND vs SL Test: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 15 अगस्त से गाले में होने जा रहा है. भारतीय टीम करीब 9 साल बाद श्रीलंका की धरती पर टेस्ट मुकाबला खेलने पहुंचेगी. इस सीरीज में टीम इंडिया की कप्तानी शुभमन गिल के हाथों में है. सीरीज का दूसरा टेस्ट मुकाबला 23 अगस्त से खेला जाएगा. श्रीलंका की परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में स्पिन गेंदबाजों की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है. वहीं, बल्लेबाजी क्रम में भी कई खिलाड़ियों के बीच जगह बनाने की बीच होड़ है. ऐसे में टीम में शामिल कुछ खिलाड़ियों को दोनों टेस्ट मैचों में खेलने का मौका मिलना मुश्किल नजर आ रहा है.
1. सरफराज खान को करना पड़ सकता है इंतजार
साई सुदर्शन की जगह भारतीय टीम में सरफराज खान को शामिल किया गया है. हालांकि, अंतिम एकादश में जगह बनाने के लिए सरफराज को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है. तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए साई सुदर्शन की जगह देवदत्त पडिक्कल को आजमाया गया और उन्होंने वॉर्म-अप मुकाबले में शानदार शतक लगाकर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है. पडिक्कल की इस पारी के बाद टीम मैनेजमेंट उन्हें टेस्ट में मौका देने पर विचार कर सकता है. ऐसे में अगर पडिक्कल को तीसरे नंबर पर उतारा जाता है तो सरफराज खान को प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ सकता है. सीरीज के दोनों मुकाबलों में उन्हें मौका मिले, इसकी संभावना फिलहाल कम दिखाई दे रही है.
2. सारांश जैन के सामने मानव सुथार की चुनौती
भारतीय टीम में सारांश जैन एकमात्र ऑफ स्पिनर हैं. हालांकि प्रैक्टिस मैच में वह अपनी गेंदबाजी से खास प्रभाव नहीं छोड़ सके और उन्हें एक भी विकेट हासिल नहीं हुआ. दूसरी ओर मानव सुथार ने अपनी गेंदबाजी से लय में होने के संकेत दिए हैं. श्रीलंका की पिचों पर स्पिन गेंदबाजों को मिलने वाली मदद को देखते हुए सुथार टीम मैनेजमेंट की योजनाओं में शामिल हो सकते हैं. मानव सुथार और रविंद्र जडेजा की भूमिका काफी हद तक एक जैसी है, क्योंकि दोनों गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में भी योगदान देने की क्षमता रखते हैं. इसके बावजूद भारतीय टीम परिस्थितियों के अनुसार दोनों को एक साथ प्लेइंग इलेवन में उतार सकती है. वहीं, दूसरे टेस्ट तक वॉशिंगटन सुंदर के फिट होने की उम्मीद भी जताई जा रही है. अगर सुंदर पूरी तरह फिट होकर उपलब्ध होते हैं तो स्पिन विभाग में प्रतिस्पर्धा और बढ़ जाएगी। ऐसे में सारांश जैन के लिए दोनों टेस्ट मैचों में प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना आसान नहीं होगा.
3. प्रसिद्ध कृष्णा को मिल सकता है मौका
भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर चार तेज गेंदबाजों के साथ गई है. हालांकि श्रीलंका की परिस्थितियां आमतौर पर स्पिन गेंदबाजों के लिए ज्यादा मददगार मानी जाती हैं. ऐसे में भारतीय टीम के लिए प्लेइंग इलेवन में दो से ज्यादा तेज गेंदबाजों को शामिल करना मुश्किल हो सकता है. मोहम्मद सिराज का खेलना लगभग तय माना जा रहा है. उनके साथ प्रसिद्ध कृष्णा को भी मौका मिल सकता है. अगर टीम दो तेज गेंदबाजों के साथ उतरती है तो बाकी तेज गेंदबाजों को बेंच पर बैठना पड़ सकता है. ऐसे में पूरी सीरीज के दोनों मुकाबलों में सभी तेज गेंदबाजों को मौका मिलना मुश्किल दिखाई देता है. टीम मैनेजमेंट परिस्थितियों और पिच को देखते हुए हर मैच में गेंदबाजी संयोजन में बदलाव कर सकता है.
4. आकिब नबी की प्लेइंग इलेवन में जगह मुश्किल
आकिब नबी ने अभी तक भारत के लिए टेस्ट डेब्यू नहीं किया है. जसप्रीत बुमराह की जगह उन्हें टीम में शामिल किया गया है, लेकिन वॉर्म-अप मैच में मिले मौकों के आधार पर उनकी स्थिति मजबूत नजर नहीं आ रही. प्रैक्टिस मैच की पहली पारी में नबी को गेंदबाजी तक नहीं दी गई. इससे संकेत मिलता है कि टीम मैनेजमेंट फिलहाल उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल करने को लेकर आश्वस्त नहीं है. दूसरी पारी में उन्हें कुछ ओवर गेंदबाजी करने का मौका जरूर मिला, लेकिन वह अपनी गेंदबाजी से खास प्रभाव नहीं छोड़ सके. ऐसे में टेस्ट सीरीज के दौरान आकिब नबी को डेब्यू का मौका मिलने की संभावना फिलहाल कम नजर आ रही है. अगर भारतीय टीम दो तेज गेंदबाजों और ज्यादा स्पिन विकल्पों के साथ उतरती है तो नबी को दोनों मैचों में बाहर बैठना पड़ सकता है.
प्लेइंग इलेवन को लेकर बढ़ी दिलचस्पी
भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है कि भारतीय टीम किन खिलाड़ियों को अंतिम एकादश में जगह देती है. श्रीलंका की परिस्थितियों में स्पिन गेंदबाजों को मिलने वाली मदद को देखते हुए कप्तान शुभमन गिल और टीम मैनेजमेंट के सामने गेंदबाजी संयोजन चुनना बड़ी चुनौती होगी. वहीं, बल्लेबाजी क्रम में देवदत्त पडिक्कल के शतक ने सरफराज खान की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. स्पिन विभाग में मानव सुथार, सारांश जैन, रविंद्र जडेजा और फिट होने की स्थिति में वॉशिंगटन सुंदर के बीच चयन को लेकर भी टीम मैनेजमेंट को अहम फैसला लेना होगा. ऐसे में माना जा रहा है कि टीम में शामिल होने के बावजूद सरफराज खान, सारांश जैन, प्रसिद्ध कृष्णा और आकिब नबी जैसे खिलाड़ियों को दोनों टेस्ट मैचों में लगातार खेलने का मौका मिलना मुश्किल हो सकता है. अंतिम फैसला गाले की पिच और मैच से पहले टीम की रणनीति पर निर्भर करेगा.
इसे भी पढ़े- सौरव गांगुली और पत्नी डोना को जान से मारने की धमकी, आखिर कौन भेज रहा है ये पत्र?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ऋतु राज
ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










