सानिया- हिंगिस की जोड़ी ने सबसे ज्यादा मैच जीतने के रिकार्ड की बराबरी की
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 13 Jan 2016 2:47 PM
सिडनी : भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और उनकी स्विस जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस ने आज यहां सीधे सेटों में जीत दर्ज करके डब्ल्यूएटीए सिडनी इंटरनेशनल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ महिला युगल में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने के रिकार्ड की बराबरी भी की. सानिया और हिंगिस की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोडी ने […]
सिडनी : भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और उनकी स्विस जोड़ीदार मार्टिना हिंगिस ने आज यहां सीधे सेटों में जीत दर्ज करके डब्ल्यूएटीए सिडनी इंटरनेशनल टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ महिला युगल में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने के रिकार्ड की बराबरी भी की. सानिया और हिंगिस की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोडी ने चीन की चेन लियांग और शुई पेंग को एक घंटे से भी कम समय में 6-2, 6-3 से हराकर अंतिम चार में जगह बनायी.
इससे उन्होंने वर्ष का लगातार दूसरा खिताब जीतने की अपनी संभावनाओं को भी बरकरार रखा. आज की जीत सानिया और हिंगिस की लगातार 28वीं जीत है और इस तरह से उन्होंने प्यूर्टोरिका की गिगी फर्नाडिस और बेलारुस की नताशा जेवेरेवा के 1994 में बनाये गये रिकार्ड की बराबरी की. पिछले साल जोडी बनाने के बाद सानिया और हिंगिस ने मिलकर दस युगल खिताब जीते हैं.
इनमें इंडियन वेल्स, मियामी, चार्ल्सटन, विंबलडन, यूएस ओपन, ग्वांग्झू, वुहान, बीजिंग, 2015 का डब्ल्यूटीए फाइनल्स और पिछले सप्ताह का ब्रिस्बेन इंटरनेशनल भी शामिल है. सानिया और हिंगिस ने आज के एकतरफा मुकाबले में अपने प्रतिद्वंद्वी टीम की दो बार सर्विस तोडी और खुद एक ब्रेक प्वाइंट बचाया और इस तरह से पहला सेट आसानी से अपने नाम किया. लियांग और पेंग की सर्विस कमजोर थी और इसलिए दूसरे सेट में भी कुछ बदलाव नहीं हुआ.
भारतीय- स्विस जोडी को ब्रेक प्वाइंट के सात मौके मिले जिसमें से दो में वे कामयाब रहीं. इस तरह से उन्होंने खास मशक्कत किये बिना ही जीत दर्ज कर ली. सानिया और हिंगिस का अगला मुकाबला टिमिया बाबोस और कैटरिना सर्बोतनिक तथा रालुका ओलारु और यारोस्लाव शेवेदोवा के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा. इस बीच महिला एकल में रोमानिया की शीर्ष वरीयता प्राप्त सिमोना हालेप ने चेक गणराज्य की पांचवीं वरीय कारोलिना पिल्सकोवा को 6-4, 7-5 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया.
रुस की स्वेतलाना कुजनेत्सोवा भी इटली की सारा ईरानी को 7-6, 6-0 से हराकर अंतिम चार में पहुंच गयी है. पुरुष वर्ग में सर्बिया के तीसरी वरीय विक्टर ट्रोइस्की ने दूसरे दौर में स्पेन के टोमी रोबरैडो को 6-1, 6-4 से आसानी से पराजित किया. बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव, फ्रांस के जेरेमी चार्डी और उक्रेन के अलेक्सांद्र दोल्गोपोलोव भी आगे बढ़ने में सफल रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










