ePaper

सिंधू और प्रणय हांगकांग ओपन में जीते, साइना और समीर बाहर

Updated at : 13 Nov 2019 4:37 PM (IST)
विज्ञापन
सिंधू और प्रणय हांगकांग ओपन में जीते, साइना और समीर बाहर

हांगकांग : विश्व चैम्पियन पी वी सिंधू ने जीत के साथ आगाज किया, जबकि भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल और समीर वर्मा बुधवार यहां चार लाख डालर इनामी हांगकांग ओपन के पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गए. पिछले कुछ टूर्नामेंटों में पहले दौर से बाहर हुई सिंधू ने 36 मिनट के भीतर दुनिया […]

विज्ञापन

हांगकांग : विश्व चैम्पियन पी वी सिंधू ने जीत के साथ आगाज किया, जबकि भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल और समीर वर्मा बुधवार यहां चार लाख डालर इनामी हांगकांग ओपन के पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गए.

पिछले कुछ टूर्नामेंटों में पहले दौर से बाहर हुई सिंधू ने 36 मिनट के भीतर दुनिया की 19वें नंबर की खिलाड़ी कोरिया की किम गा यून को 21-15, 21-16 से हरा दिया. ओलंपिक रजत पदक विजेता सिंधू का सामना अब थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरूंगफान से होगा.

एचएस प्रणय भी पहले दौर की बाधा पार करने में सफल रहे. उन्होंने चीन के हुआंग यु शियांग को 44 मिनट में 21-17 21-17 से हराया. वह अगले दौर में इंडोनेशिया के छठे वरीय जोनाथन क्रिस्टी से भिड़ेंगे. वहीं आठवीं वरीयता प्राप्त साइना पिछले छह टूर्नामेंटों में पांचवीं बार पहले दौर में हारी है. इस साल जनवरी में इंडोनेशिया मास्टर्स जीतने वाली साइना को चीन की केइ यान यान ने लगातार दूसरी बार 21-13, 22-20 से हराया.

पिछले सप्ताह भी वह केइ से हारी थी. दुनिया के 16वें नंबर के खिलाड़ी समीर 54 मिनट तक चले मुकाबले में चीनी ताइपै के वांग जू वेइ से 11-21, 21-13, 8-21 से हार गए. यह पहले दौर में उनकी लगातार तीसरी हार है. साइना और समीर दोनों को अगले सप्ताह ग्वांग्झू कोरिया मास्टर्स सुपर 300 टूर्नामेंट खेलना है.

अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी भी पहले दौर में आगे बढ़ने में नाकाम रही. भारतीय जोड़ी को माइकेन फ्रुरगार्ड और सारा थिगेसन की डेनर्माक की जोड़ी के खिलाफ 13-21 12-21 से हार झेलनी पड़ी.

दुनिया की छठे नंबर की खिलाड़ी सिंधू ने 8-4 की बढ़त बनाई, लेकिन किम वापसी करते हुए ब्रेक तक 11-10 से आगे हो गईं. भारतीय खिलाड़ी ने इसके बाद 13-13 के स्कोर पर लगातार छह अंक जुटाए और फिर आसानी से पहला गेम जीत लिया.

दूसरे गेम में भी सिंधू ने 5-5 के स्कोर के पर लगातार सात अंक के साथ 12-5 की बढ़त बना ली जिसके बाद उन्हें गेम और मैच जीतने में अधिक परेशानी नहीं हुई. साइना पहले गेम से ही केइ की चुनौती के सामने टिक नहीं सकी.चीनी खिलाड़ी ने ब्रेक तक 11-4 से बढ़त बना ली और पहला गेम आसानी से जीत लिया. दूसरे गेम में साइना शुरू में 3-0 से आगे थी, लेकिन केइ ने लगातार सात अंक लेकर 9-4 की बढ़त बना ली.

ब्रेक के बाद उसकी बढ़त 17 -11 की हो गई हालांकि साइना ने वापसी करके गेम अंक बनाया लेकिन लय बरकरार नहीं रख सकी. दूसरी ओर समीर ने पहला गेम गंवाने के बाद दूसरे गेम में वापसी की. तीसरे गेम में हालांकि वह बिल्कुल नहीं टिक सके और हार गए.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola