बिहार में रोड सेफ्टी को लेकर बड़ा फैसला, हर सड़क पर लगेंगे साइनेज और गाइड पोस्ट, जानिए क्या है सरकार की नई पॉलिसी

Updated:
विज्ञापन
bihar traffic new policy

AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर

Bihar News: बिहार में सड़कों की मरम्मत के साथ अब सुरक्षा पर भी खास जोर दिया जाएगा. नई रोड मेंटेनेंस पॉलिसी के तहत सड़कों पर साइनेज, गाइड पोस्ट, चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा सुविधाएं अनिवार्य रूप से लगाई जाएंगी.

विज्ञापन

Bihar News: बिहार में अब सड़कों की सिर्फ मरम्मत ही नहीं होगी, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाएगी. पथ निर्माण विभाग ने सड़क रखरखाव के लिए नया बिडिंग डॉक्यूमेंट जारी किया है, जिसमें सड़क सुरक्षा से जुड़े कई अहम प्रावधान शामिल किए गए हैं. नई व्यवस्था के तहत सड़कों की देखरेख करने वाली एजेंसियों को सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा.

सड़क किनारे लगेंगे रिफ्लेक्टिव साइनेज

नई नीति के अनुसार सड़क मेंटेनेंस का काम करने वाली एजेंसी को सड़क किनारे रिफ्लेक्टिव साइनेज लगाने होंगे. ये ऐसे संकेतक होंगे जो रात में भी साफ दिखाई देंगे और वाहन चालकों को दिशा व जरूरी जानकारी देंगे. सिर्फ नए साइनेज लगाना ही नहीं, बल्कि पहले से लगे साइनेज की देखभाल और उनकी गुणवत्ता बनाए रखने की जिम्मेदारी भी एजेंसी की होगी.

माइल स्टोन भी होंगे बेहतर

सड़कों पर दूरी बताने वाले किलोमीटर माइल स्टोन को लेकर भी नए निर्देश जारी किए गए हैं. जहां जरूरत होगी वहां नए माइल स्टोन लगाए जाएंगे और पुराने माइल स्टोन की मरम्मत की जाएगी. इन सभी माइल स्टोन को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के तय मानकों के अनुसार तैयार किया जाएगा, ताकि यात्रियों को सही दूरी की जानकारी मिल सके.

खतरनाक जगहों पर लगेगा चेतावनी बोर्ड

सड़क हादसों को कम करने के लिए विभाग ने खतरनाक स्थानों पर चेतावनी संकेतक लगाना अनिवार्य किया है. पुल, पुलिया, तीखे मोड़, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पहले से ही खतरे की जानकारी देने वाले बोर्ड लगाए जाएंगे. जहां जरूरत होगी वहां स्पीड ब्रेकर और उससे जुड़े चेतावनी संकेत भी लगाए जाएंगे.

चौराहों पर मिलेंगे दिशा बताने वाले गाइड पोस्ट

नई व्यवस्था के तहत चौराहों और जंक्शन पर गाइड पोस्ट लगाना भी जरूरी होगा. इन गाइड पोस्ट के जरिए यात्रियों को यह जानकारी मिलेगी कि किस दिशा में कौन-सा शहर, कस्बा या गांव स्थित है और उसकी दूरी कितनी है. इससे लोगों को रास्ता ढूंढने में आसानी होगी और भ्रम की स्थिति कम होगी.

एजेंसियों की बढ़ेगी जवाबदेही

पथ निर्माण विभाग ने साफ कर दिया है कि अब सड़क रखरखाव केवल गड्ढे भरने या मरम्मत तक सीमित नहीं रहेगा. सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का पालन कराना भी संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी होगी. सरकार को उम्मीद है कि इस नई व्यवस्था से बिहार की सड़कों पर सफर पहले से ज्यादा सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनेगा.

Also Read: राबड़ी देवी बोलीं- सम्राट चौधरी फोर्स बुलाकर खाली करवा लें बंगला, पूर्व सीएम ने 10 सर्कुलर रोड वाला घर छोड़ने से किया इनकार

विज्ञापन
अभिनंदन पांडेय

लेखक के बारे में

By अभिनंदन पांडेय

भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन