स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ियों को टाप्स में विस्तार, बलात्कार के आरोपी सौम्यजीत बाहर

Published at :17 May 2018 3:16 PM (IST)
विज्ञापन
स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ियों को टाप्स में विस्तार, बलात्कार के आरोपी सौम्यजीत बाहर

नयी दिल्ली : राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाली मनिका बत्रा समेत टेबल टेनिस टीम के सदस्यों को टारगेट ओलंपिक पोडियम के तहत अनुबंध में विस्तार दिया गया है जबकि बलात्कार के आरोपों के कारण ऐन मौके पर खेलों से बाहर किये गये सौम्यजीत घोष को योजना से बाहर कर दिया गया है. भारत […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाली मनिका बत्रा समेत टेबल टेनिस टीम के सदस्यों को टारगेट ओलंपिक पोडियम के तहत अनुबंध में विस्तार दिया गया है जबकि बलात्कार के आरोपों के कारण ऐन मौके पर खेलों से बाहर किये गये सौम्यजीत घोष को योजना से बाहर कर दिया गया है.

भारत ने गोल्डकोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में टेबल टेनिस में अभूतपूर्व सफलता हासिल करते हुए कुल आठ पदक जीते जिनमें से तीन स्वर्ण मनिका बत्रा को मिले. उसके अलावा पुरुष और महिला टीमों को भी रजत पदक मिले. भारतीयों ने रजत और तीन कांस्य पदक भी जीते.

भारतीय खेल प्राधिकरण की मिशन ओलंपिक सेल की हुई बैठक में टारगेट ओलंपिक पोडियम ( टाप्स ) के तहत खिलाड़ियों के प्रदर्शन की समीक्षा की गई. इसके अलावा अभ्यास और प्रतिस्पर्धाओं के लिये धनराशि मुहैया कराने के खिलाड़ियों के अनुरोध पर भी बात की गई. साइ की विज्ञप्ति के अनुसार राष्ट्रमंडल खेलों के बाद टाप्स में चार नये खिलाड़ियों को शामिल किया गया और 21 खिलाड़ियों की अवधि बढाई गई जबकि 27 को बाहर कर दिया गया है.

टेबल टेनिस टीम से अचंत शरत कमल, हरमीत देसाई, जी साथियान, मनिका बत्रा, मोउमा दास और मधुरिका पाटकर की अवधि बढाई गई. वहीं बलात्कार के आरोपों के कारण खेलों से बाहर रहे सौम्यजीत घोष को इस योजना से हटा दिया गया है. पंद्रह बरस के डबल ट्रैप निशानेबाज शारदुल विहान , 400 मीटर के बाधा धावक ए दारून , लंबी कूद के खिलाड़ी श्री शंकर और महिलाओं की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम की सदस्य सोनिया बैस्या को टाप्स में जगह दी गई है.

राष्ट्रमंडल खेल 2014 की कांस्य पदक विजेता पैरा पावरलिफ्टर सकीना खातून राष्ट्रमंडल खेल तक ही इस योजना का हिस्सा थी लेकिन उनकी अवधि बढाई गई है. 400 मीटर में शीर्ष छह धावकों और महिला वर्ग में चार धावकों की अवधि बढाने का फैसला लिया गया है. चार जिमनास्टों आशीष कुमार, राकेश पात्रा, अरुणा रेड्डी और प्रणिति नायक की अवधि में भी विस्तार किया गया है.

समिति ने टाप्स में शामिल पांच भारतीय साइकिलिस्टों के लिये आधुनिक उपकरण खरीदने के लिये 33.4 लाख रुपये मंजूर किये. एशियाई खेलों की तैयारी के लिये तैराक साजन प्रकाश को चार लाख 24 हजार रुपये, स्क्वाश खिलाड़ी दीपिका पल्लीकल और सौरव घोषाल को 14 लाख 70 हजार रुपये ( हवाई किराया और वीजा ) और टेनिस खिलाड़ी अंकिता रैना को आठ लाख 30 हजार रुपये ( प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धा खर्च ) मंजूर किये गए.

योजना से बाहर किये गए एथलीटों में आठ भारोत्तोलक, सात तीरंदाज, शीतकालीन खेलों के चार खिलाड़ी , चार एथलीट , दो निशानेबाज और टेबल टेनिस खिलाड़ी सौम्यजीत शामिल हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola