Women World Cup 2025 Points Table: महिला वर्ल्ड कप 2025 (Women’s World Cup 2025) में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत हासिल कर ली है. कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान (IND W vs PAK W) को 88 रनों से मात दी. इस जीत के साथ भारत ने प्वाइंट्स टेबल (Points Table) में पहला स्थान भी हासिल कर लिया है. हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) की अगुवाई में टीम इंडिया का प्रदर्शन अब तक बेहतरीन रहा है और टूर्नामेंट में उसका विजयी अभियान जारी है.
पाकिस्तान पर भारत की जीत
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टॉस हारा, इसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में 247 रन बनाए. टीम की ओर से टॉप ऑडर ने सधी हुई शुरुआत की. ओपनर स्मृति मंधाना (23)और प्रतीका रावल (31) ने तेज शुरुआत दिलाई, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर और जेमिमा रॉड्रिग्स ने बीच के ओवरों में पारी को संभाला. वहीं हरलीन देओल ने टीम की ओर से सबसे ज्यादा 46 रन की पारी खेली. निचले क्रम में रिचा घोष और दीप्ति शर्मा ने तेज रन जोड़कर फाइटिंग टोटल बनाया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम 43वें ओवर में 159 रनों पर सिमट गई. भारत की गेंदबाजी में युवा क्राति गौड़ और दीप्ति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया और विपक्षी टीम को कभी संभलने का मौका नहीं दिया. इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान को इस मुकाबले में 88 रन से हरा दिया.
प्वाइंट्स टेबल में भारत का टॉप पर
पाकिस्तान पर इस जीत के बाद भारतीय महिला टीम प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है. टीम इंडिया के अब 2 मैचों में 4 अंक हो गए हैं और उनका नेट रनरेट 1.515 है. डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया 2 मैचों में 3 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है, हालांकि उसका नेट रनरेट 1.780 का है. इंग्लैंड और बांग्लादेश 2-2 अंकों के साथ तीसरे और चौथे स्थान पर हैं. इस जीत से भारत ने न केवल पाकिस्तान को टूर्नामेंट में पीछे धकेला, बल्कि आगामी मुकाबलों के लिए मजबूत स्थिति भी बना ली है.
पाकिस्तान की स्थिति नाजुक
पाकिस्तानी महिला टीम के लिए यह टूर्नामेंट अब तक निराशाजनक रहा है. भारत से 88 रनों की हार के साथ पाकिस्तान को लगातार दूसरी शिकस्त झेलनी पड़ी है. टीम का नेट रनरेट -1.777 तक गिर गया है और वह अब प्वाइंट्स टेबल में छठे स्थान पर पहुंच गई है. बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद कमजोर रहा और टीम बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए बार-बार दबाव में आई. पाकिस्तान को अब अपने अगले मुकाबले में जीत दर्ज करनी ही होगी, वरना सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर होने का खतरा बढ़ सकता है.
अन्य टीमों की स्थिति
प्वाइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर श्रीलंका की महिला टीम है, जिसके 2 मैचों में एक अंक हैं. न्यूजीलैंड सातवें स्थान पर है, जबकि साउथ अफ्रीका की महिला टीम सबसे निचले यानी आठवें स्थान पर बनी हुई है. साउथ अफ्रीका को अपने पहले मैच में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था और अब उसे अगले मुकाबलों में वापसी की सख्त जरूरत है.
महिला वर्ल्ड कप 2025 प्वाइंट्स टेबल
| रैंक | टीम | मैच | जीते | हारे | अंक | नेट रनरेट |
|---|---|---|---|---|---|---|
| 1 | भारत | 2 | 2 | 0 | 4 | +1.515 |
| 2 | ऑस्ट्रेलिया | 2 | 1 | 0* | 3 | +1.780 |
| 3 | इंग्लैंड | 2 | 1 | 1 | 2 | +0.765 |
| 4 | बांग्लादेश | 2 | 1 | 1 | 2 | +0.332 |
| 5 | श्रीलंका | 2 | 0 | 1* | 1 | -0.459 |
| 6 | पाकिस्तान | 2 | 0 | 2 | 0 | -1.777 |
| 7 | न्यूजीलैंड | 1 | 0 | 1 | 0 | -1.234 |
| 8 | साउथ अफ्रीका | 1 | 0 | 1 | 0 | -2.005 |
ये भी पढ़ें-

