नामीबिया दौरे पर फोर्टुइन को सौंपी गयी साउथ अफ्रीका की कमान, दोनों यानसान भाईयों को भी मिला मौका
ब्योर्न फोर्टुइन (फोटो—एक्स)
दक्षिण अफ्रीका ने नामीबिया दौरे और आगामी त्रिकोणीय टी20 सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. इस टीम में कई बड़े नामों को आराम दिया गया है, जबकि कुछ युवा और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मौका मिला है. कप्तान ब्योर्न फोर्टुइन के नेतृत्व में टीम युवा जोश और अनुभव का मिश्रण है, जो अगले विश्व कप की तैयारी के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कदम है.
South Africa Cricket Team: दक्षिण अफ्रीका ने नामीबिया दौरे और आगामी त्रिकोणीय टी20 सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. टीम में कई बड़े नामों को आराम दिया गया है, जबकि कुछ युवा और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मौका मिला है. बाएं हाथ के स्पिनर ब्योर्न फोर्टुइन को टीम की कमान सौंपी गई है. दक्षिण अफ्रीका नामीबिया में जिम्बाब्वे के साथ टी20 त्रिकोणीय सीरीज खेलेगा, जिसके बाद तीन वनडे मुकाबले होंगे.
मार्करम और बावुमा को आराम
नियमित टी20 कप्तान एडेन मार्करम और वनडे कप्तान तेंबा बावुमा इस दौरे का हिस्सा नहीं होंगे. दोनों खिलाड़ियों को घरेलू सत्र से पहले आराम दिया गया है. दक्षिण अफ्रीका को आगे आठ टेस्ट मैचों का व्यस्त कार्यक्रम खेलना है. इसके अलावा कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश और केशव महाराज जैसे प्रमुख खिलाड़ी भी नामीबिया दौरे के लिए टीम में शामिल नहीं हैं.
मार्को यानसन के जुड़वां भाई को मिला मौका
इस टीम की सबसे खास बात मार्को यानसन के जुड़वां भाई डुआन यानसन का चयन है. डुआन को पहली बार दक्षिण अफ्रीका की राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है. वह हाल ही में वनडे कप में ‘प्लेयर ऑफ द ईयर’ चुने गए थे. वहीं कॉर्बिन बॉश के भाई एथन बॉश को भी पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है. एथन दक्षिण अफ्रीका के लिए एक वनडे खेल चुके हैं. इसके अलावा जॉर्डन हरमन और रूबिन हरमन भी एक साथ टीम में हैं. दोनों भाई घरेलू क्रिकेट में अलग-अलग टीमों का प्रतिनिधित्व करते हैं.
दक्षिण अफ्रीका पुरुष टीम का नामीबिया दौरे के लिए स्क्वॉड: ब्योर्न फोर्टुइन (कप्तान), एथन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस ,टोनी डी जोर्जी, कॉनर एस्टरह्यूजन, जॉर्डन हरमन, रुबिन हरमन, डुआन जैनसन, क्वेना मफाका, नक़बानी मकोएना, नक़ाबा पीटर, लुआन-द्रे प्रिटोरियस, लुथो सिपामला, जेसन स्मिथ, प्रेनेलन सुब्रायेन.
युवा खिलाड़ियों पर भी भरोसा
विकेटकीपर बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन और युवा तेज गेंदबाज नक़ोबानी मकोएना को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है. ऑल-फॉर्मेट कोच शुक्री कॉनराड ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में अपनी क्षमता की झलक दिखाई थी. कप्तान ब्योर्न फोर्टुइन के पास भी खुद को दोबारा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में साबित करने का मौका होगा. उन्होंने नवंबर 2025 के बाद कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला है और दक्षिण अफ्रीका के लिए 16 वनडे तथा 27 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं.
Also Read: कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप 2026 में अनु प्रिया और श्रुति जोशी ने जीता ब्रॉन्ज, बढ़ाया देश का मान
अगले साल के विश्व कप की तैयारी
दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के बीच पहली बार वनडे सीरीज खेली जाएगी. टीम के कोच शुक्री कॉनराड ने कहा कि पड़ोसी देशों के खिलाफ खेलना हमेशा खास होता है और अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप को देखते हुए यह दौरा महत्वपूर्ण है. नामीबिया दौरे के बाद दक्षिण अफ्रीका को ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश और इंग्लैंड की मेजबानी करनी है. इसके बाद एसए20 और श्रीलंका का दौरा भी होना है. ऐसे में इस दौरे पर युवा खिलाड़ियों को मौका देकर टीम प्रबंधन ने खिलाड़ियों के कार्यभार को संतुलित करने की दिशा में भी कदम उठाया है.
बांग्लादेश ए के खिलाफ चार दिवसीय मैच के लिए दक्षिण अफ्रीका ए का स्क्वॉड: मार्क्स एकरमैन (कप्तान), मैथ्यू बोस्ट, ओखुले सेले, गेराल्ड कोएत्जी, त्शेपांग डिथोले, जुबैर हमजा, गेविन कपलान, त्शेपो मोरेकी, सेनुरान मुथुसामी, त्शेपो नतुली, मीका-ईल प्रिंस, डेलानो पॉटगीटर, सिनेथेम्बा क़ेशिले, लेसेगो सेनोकवाने, कोडी यूसुफ.
बांग्लादेश ए के खिलाफ वनडे मैच के लिए दक्षिण अफ्रीका ए का स्क्वॉड: मार्क्स एकरमैन (कप्तान), मैथ्यू बोस्ट, ओखुले सेले, गेराल्ड कोएत्जी, मैथ्यू डी विलियर्स, जुबैर हमजा, डियान फॉरेस्टर, डेलानो पॉटगीटर, इमरान मैनैक, रिवाल्डो मून्सामी, मिहलाली मपोंगवाना, सिनेथेम्बा क़ेशिले, एंडिले सिमेलाने, काइल सिमंड्स, कोडी यूसुफ.
Also Read: IND vs SL Xl: प्रैक्टिस मैच में ऋषभ पंत खेलने लगे फुटबॉल, वीडियो देखकर आपकी भी छूट जाएगी हंसी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिजीत कुमार
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










