ePaper

SA vs ENG Test : दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को पारी और 12 रन से हराया, चमके एनरिक नॉर्टजे

Updated at : 20 Aug 2022 6:37 AM (IST)
विज्ञापन
SA vs ENG Test : दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को पारी और 12 रन से हराया, चमके एनरिक नॉर्टजे

दक्षिण अफ्रीका ने शुक्रवार को इंग्लैंड को 149 रनों पर आउट कर दिया और लॉर्ड्स में तीन दिनों के भीतर पहला टेस्ट एक पारी और 12 रन से जीत लिया. यह दक्षिण अफ्रीका की इंग्लैंड पर एक बड़ी जीत है. मैच के हीरो एनरिक नॉर्ट्जे रहे. उन्होंने दोनों पारियों में तीन-तीन महत्वपूर्ण विकेट चटकाये.

विज्ञापन

लंदन : एनरिक नॉर्टजे की अगुआई में दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने इंग्लैंड की बल्लेबाजी को तहस-नहस करके अपनी टीम को पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में शुक्रवार को यहां तीसरे दिन पारी और 12 रन से बड़ी जीत दिलायी. दक्षिण अफ्रीका ने तीसरे दिन सुबह सात विकेट पर 289 रन से अपनी पहली पारी आगे बढ़ायी और अपनी पहली पारी में 326 रन बनाकर 161 रन की मजबूत बढ़त हासिल की.

पहली पारी में इंग्लैंड ने बनाये 165 रन

इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 165 रन बनाये थे. इंग्लैंड की बल्लेबाजी दूसरी पारी में भी ताश के पत्तों की तरह बिखर गयी और पारी की हार टालने में भी नाकाम रही. उसकी पूरी टीम दूसरी पारी में 149 रन पर आउट हो गयी. दक्षिण अफ्रीका ने इस तरह से तीन मैचों की श्रृंखला में शुरुआती बढ़त हासिल की. इंग्लैंड का कोई भी बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीका के तेज और स्पिन आक्रमण के सामने पूरे विश्वास के साथ नहीं खेल पाया.

Also Read: England vs India: जो रूट ने विराट कोहली और स्मिथ का रिकॉर्ड तोड़ा, इस कैलेंडर ईयर में जमाया 5वां शतक
केवल पांच बल्लेबाज दहाई अंक तक पहुंचे

इंग्लैंड के केवल पांच बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे जिनमें सलामी बल्लेबाज एलेक्स लीज और आठवें नंबर के बल्लेबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने समान 35 रन बनाये. दक्षिण अफ्रीका की तरफ से एनरिक नॉर्टजे ने तीन जबकि कैगिसो रबाडा, मार्को यानसेन और केशव महाराज ने दो-दो विकेट लिये. लॉर्ड्स में यह केवल चौथा अवसर है जबकि इंग्लैंड को पारी की हार का सामना करना पड़ा. इससे पहले आखिरी बार वह 2003 में दक्षिण अफ्रीका से ही पारी से हार गया था.

जो रूट भी नहीं कर पाये कोई कमाल

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान डीन एल्गर में शुरू में ही स्पिनर केशव महाराज को गेंद थमा दी थी जिन्होंने सलामी बल्लेबाज जॉक क्राउली (13) और पहली पारी में सर्वाधिक रन बनाने वाले ओली पोप (पांच) को आउट करके अपने कप्तान का फैसला सही साबित किया. लुंगी एनगिडी ने जो रूट (छह) को एडेन मार्कराम के हाथों कैच कराकर इंग्लैंड को करारा झटका दिया. इसके बाद इंग्लैंड पारी की हार टालने की स्थिति में तभी दिखा जब कप्तान बेन स्टोक्स (20) और ब्रॉड क्रीज पर थे. इन दोनों के बीच 55 रन की साझेदारी टूटने के बाद इंग्लैंड की पारी सिमटने में देर नहीं लगी.

Also Read: IPL 2022: डेविड वॉर्नर और एनरिक नॉर्टजे की वापसी पर दिल्ली कैपिटल्स के चीफ कोच ने दिया बड़ा अपडेट
नॉर्टजे ने बनाये नाबाद 28 रन

इससे पहले ब्रॉड ने दक्षिण अफ्रीका के निचले क्रम को समेटने में अहम भूमिका निभायी. उन्होंने एक बेहतरीन कैच लेने के उनके अलावा आखिर के दो विकेट भी लिये. ब्रॉड ने मैथ्यू पोट्स की दिन की तीसरी गेंद पर ही कैगिसो रबाडा (तीन) का एक हाथ से बेहतरीन कैच लिया और इसके बाद मार्को यानसेन (48) और लुंगी एनगिडी (शून्य) को आउट करके दक्षिण अफ्रीकी पारी का अंत किया. नॉर्टजे 28 रन बनाकर नाबाद रहे. इंग्लैंड की तरफ से ब्रॉड और कप्तान बेन स्टोक्स ने तीन-तीन विकेट लिये.

विज्ञापन
Agency

लेखक के बारे में

By Agency

Agency is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola