IPL 2026 से पहले KKR का बड़ा फैसला, हमेशा के लिए रिटायर हुई रसेल की 12 नंबर जर्सी

केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर के साथ आंद्रे रसल, Pic- Social Media/X
KKR Retire Andre Russell Jersey: कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने सबसे सफल ऑलराउंडर आंद्रे रसेल को खास सम्मान देते हुए उनकी 12 नंबर की जर्सी को रिटायर कर दिया है. रसेल ने हाल ही में संन्यास लिया था. अब वह आईपीएल 2026 में केकेआर के साथ एक नई भूमिका में बतौर पावर कोच नजर आएंगे.
Highlights
KKR Retire Andre Russell Jersey: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने आईपीएल 2026 से पहले एक बड़ा फैसला लिया है. टीम ने अपने सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक आंद्रे रसेल की 12 नंबर की जर्सी को हमेशा के लिए रिटायर कर दिया है. अब यह जर्सी केकेआर का कोई और खिलाड़ी नहीं पहनेगा. रसेल अब टीम के साथ ‘पावर कोच’ के रूप में जुड़े रहेंगे. केकेआर ने अपने प्री-सीजन इवेंट ‘नाइट्स अनप्लग्ड 3.0’ में इस बात की आधिकारिक घोषणा की. इसी कार्यक्रम में बल्लेबाज रिंकू सिंह को टीम का नया उपकप्तान भी बनाया गया.
रसेल अब बनेंगे टीम के पावर कोच
आंद्रे रसेल ने पिछले साल नवंबर 2025 में आईपीएल से संन्यास ले लिया था. 2025 के सीजन में खराब प्रदर्शन के कारण केकेआर ने उन्हें टीम से हटा दिया था. लेकिन अब फ्रेंचाइजी ने उन्हें एक नई जिम्मेदारी सौंपी है. आईपीएल 2026 में रसेल मैदान पर खेलते हुए नहीं बल्कि पावर कोच के रूप में खिलाड़ियों को तैयार करते हुए नजर आएंगे. केकेआर ने उन्हें ‘द एटरनल नाइट’ का नाम दिया है.
12 साल का बेमिसाल सफर
37 साल के रसेल 2014 से 2025 तक लगातार 12 साल केकेआर के लिए खेले. इस दौरान उन्होंने 140 मैचों में 174.17 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 2651 रन बनाए और 123 विकेट अपने नाम किए. वह आईपीएल के इतिहास में 2000 से ज्यादा रन और 100 से ज्यादा विकेट लेने वाले सिर्फ दूसरे ऑलराउंडर हैं. सुनील नरेन (192 विकेट) के बाद वह केकेआर के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज हैं.
दो बार टीम को बनाया चैंपियन
रसेल ने 2014 और 2024 में केकेआर को आईपीएल चैंपियन बनाने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई. साल 2019 के सीजन में उन्होंने 204.81 के तेज स्ट्राइक रेट से 510 रन बनाए थे. इस शानदार खेल के लिए उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का अवार्ड भी मिला था. उन्होंने 2021 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 15 रन देकर 5 विकेट झटके थे. यह आज भी केकेआर के किसी भी गेंदबाज का सबसे अच्छा प्रदर्शन है.
फैसले पर भावुक हुए आंद्रे रसेल
जर्सी रिटायर होने के कार्यक्रम में रसेल काफी भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि केकेआर के साथ उनका 10 साल से ज्यादा का सफर बेहद खास रहा है. दो बार चैंपियन टीम का हिस्सा बनना और फैंस का इतना प्यार मिलना उनके लिए गर्व की बात है. रसेल ने आईपीएल जीतने के अहसास को वर्ल्ड कप जीतने जैसा खास बताया. उन्होंने इस बड़े सम्मान के लिए फ्रेंचाइजी का धन्यवाद किया.
सीईओ वेंकी मैसूर का बयान
केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने कहा कि रसेल के साथ टीम का रिश्ता बहुत पुराना है. यह रिश्ता केवल खेल तक नहीं बल्कि निजी भी है. उन्होंने कहा कि मैदान पर रसेल ने टीम को जश्न मनाने के कई मौके दिए हैं. 12 नंबर की जर्सी रसेल की पहचान बन चुकी थी. उनके योगदान को देखते हुए और एक नई विरासत शुरू करने की परंपरा निभाते हुए टीम ने इस नंबर को रिटायर करने का फैसला लिया.
ये भी पढ़ें-
टी20 में अमेलिया कर का धमाका, तोड़ा रोहित शर्मा रिकॉर्ड, साउथ अफ्रीका को हराया
IPL 2026: बेन डकेट ने DC को दिया धोखा! क्या BCCI के नए नियम से लगेगा बैन?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




